अयोध्या: नगर निगम के एक बूथ पर होंगे अधिकतम 1500 वोटर
अमृत विचार, अयोध्या। निकाय चुनाव को लेकर जनपद में गतिविधियां तेज हो गयी हैं। एक तरफ नगर निगम क्षेत्र के वार्डों में परिसीमन के बाद बनी मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर हुई खामियां दूर करने में पंचस्थानीय चुनावालय के कर्मियों के पसीने छूट रहे है। वहीं दूसरी ओर ईवीएम के प्रथम चरण की चेकिंग …
अमृत विचार, अयोध्या। निकाय चुनाव को लेकर जनपद में गतिविधियां तेज हो गयी हैं। एक तरफ नगर निगम क्षेत्र के वार्डों में परिसीमन के बाद बनी मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर हुई खामियां दूर करने में पंचस्थानीय चुनावालय के कर्मियों के पसीने छूट रहे है। वहीं दूसरी ओर ईवीएम के प्रथम चरण की चेकिंग का भी कार्य शुरू हो गया है। नगर निगम के चुनाव में इस बार भी ईवीएम से ही मतदान होगा तो नगर पालिका व नगर पंचायतों में बैलेट पेपर से मतदान किया जायेगा। वहीं निगम क्षेत्र के एक बूथ पर अधिकतम 1500 और नगर पालिका व नगर पंचायतों में एक बूथ पर अधिकतम 1200 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।
नगर निगम अयोध्या के पार्षद व मेयर के लिए दूसरी बार मतदान होने जा रहा है। नगर निगम बनने के बाद पहली बार वर्ष 2017 में चुनाव हुए थे। लेकिन इस बार नगर निगम के परिसीमन के बाद उपजी स्थिति ने चुनाव के पहले पार्षदों व राजनीतिक दलों के नेताओं के छक्के छुड़ा दिये हैं। वोटर लिस्ट में इतनी अधिक खामियां हैं कि उसे आंकना मुश्किल हो रहा है। जो वोटर लिस्ट अंतिम रूप से प्रकाशित की गयी उसमें एक वार्ड के मतदाताओं को दूसरे वार्ड की सूची में डाल दिया गया। इसे लेकर निकाय चुनाव के नोडल अधिकारी व एडीएम प्रशासन के समक्ष सैकड़ों आपत्तियां पहुंची हैं। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 18 नवम्बर को होना है। आपत्तियां लेने का समय 1 से 7 नवम्बर तक ही था। अब इनका निस्तारण किया जा रहा है जो 12 नवम्बर तक होना है।
बताते हैं कि मतदाता सूची में भारी उलटफेर को दुरुस्त कराने का कार्य पंचायत चुनाव कार्यालय में चल रहा है। लेकिन निर्वाचन विभाग आपत्तिकर्ताओं को यह नहीं बता रहा कि उनकी आपत्तियों का निस्तारण किस तरह से हो रहा है। अधिकतम आपत्तियां मतदाताओं का वार्ड बदलने को लेकर हैं। माना जा रहा है कि यदि मतदाता सूची में सामने आई गड़बड़ियों को समय से दूर नहीं किया जाता है तो आगामी चुनाव के दिन हजारों मतदाताओं को मताधिकार से वंचित होना पड़ सकता है।
ईवीएम पहुंची, शुरू हुआ चेकिंग कार्य, मतदान कार्मिकों की फीडिंग जारी
निकाय चुनाव के लिए ईवीएम व बैलेट बॉक्स पहुंच चुके हैं। प्रथम चरण में ईवीएम की टेस्टिंग की जा रही है। नगर निगम में 264 बूथों पर मतदान होगा और मतदान ईवीएम से ही होना है। इसके लिए ईवीएम की ट्रेनिंग भी शुरूहो गयी है। इसके अलावा मतदान कार्मिकों का विवरण भी कम्प्यूटराइज्ड किया जा रहा है। एडीओ पंचायत सूर्यभान यादव ने बताया कि ईवीएम की टेस्टिंग चल रही है। पांडुलिपियां तैयार की जा रही हैं। मतदान कार्मिकों की फीडिंग जारी है। मतदाता सूची को लेकर प्राप्त आपत्तियों का निस्तारण किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें-ग्रहण को प्राकृतिक खगोलीय घटना के रूप में ही मानें: खगोल भौतिकीविद्
