अयोध्या : शहर में तेजी से पांव पसार रहा डेंगू, तीन दिन में आए 52 केस
अमृत विचार, अयोध्या। जिले में डेंगू का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा है। गांव की अपेक्षा शहरी क्षेत्र में डेंगू तेजी से पांव पसार रहा है। सिर्फ तीन दिन में ही शहरी क्षेत्र में डेंगू के 29 मामले सामने आए हैं, जबकि ग्रामीणों इलाकों में डेंगू के 23 केस आए हैं। पिछले …
अमृत विचार, अयोध्या। जिले में डेंगू का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा है। गांव की अपेक्षा शहरी क्षेत्र में डेंगू तेजी से पांव पसार रहा है। सिर्फ तीन दिन में ही शहरी क्षेत्र में डेंगू के 29 मामले सामने आए हैं, जबकि ग्रामीणों इलाकों में डेंगू के 23 केस आए हैं। पिछले तीन दिनों में सबसे ज्यादा 52 केस आए हैं। बुधवार को भी डेंगू के 29 मामले सामने आए हैं।
एक अक्टूबर से अब तक डेंगू के 589 केस आ चुके हैं, जिसमें शहरी क्षेत्र में 359 मामले व ग्रामीण क्षेत्रों में 230 केस हैं। इससे पहले मंगलवार को एक दिन में 23 केस आए थे। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक डेंगू के रोकथाम को लेकर दवा का छिड़काव व फॉगिंग कराई जा रही है। वहीं दूसरी तरफ लोगों का आरोप है कि कुछ जगहों को छोड़कर न तो दवा का छिड़काव कराया जा रहा है और न ही फॉगिंग हो रही है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि मच्छरों के प्रकोप को रोकने के लिए हर तरफ दवा का छिड़काव व फॉगिंग कराई जाए। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक आरआरटी की टीम सक्रिय है, जो बुखार से पीड़ित मरीजों की पहचान कर रही है और उन्हें प्राथमिक उपचार दे रही है। इधर, बुधवार को नगर आयुक्त विशाल सिंह ने डेंगू प्रभावित वार्ड झारखण्डी, बल्लाहाता, तेलीटोला, टकसाल एवं विद्याकुण्ड का निरीक्षण किया।
साथ ही वार्डों में नियमित साफ सफाई, एन्टी लार्वा का छिड़काव व सघन फागिंग कराए जाने के निर्देश जोनल सेनेटरी अधिकारी को दिया। वहीं शहर से लेकर गांव तक तेजी से बढ़ रहे डेंगू के मामलों को लेकर भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक ने क्षेत्रों में एंटी लार्वा छिड़काव व फॉगिंग कराने जाने को लेकर ज्ञापन दिया है। भाकियू नेता फरीद अहमद ने कहा कि सड़क किनारे खुले नालों में एंटी लार्वा का छिड़काव कराने के साथ ही क्षेत्र में फॉगिंग कराई जाए।
दिव्यांग सपा नेता ने कराया दवा का छिड़काव
डेंगू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए दिव्यांग सपा नेता पंडित समरजीत ने बीकापुर विधानसभा क्षेत्र की बासुदेवपुर, दशरथपुर व गुन्धौर ग्राम सभा में दवा का छिड़काव कराया। साथ ही लोगों को डेंगू से बचाव के प्रति जागरूक भी किया। दिव्यांग सपा नेता ने कहा कि प्रदेश में डेंगू के बढ़तों मामलों ने प्रदेश सरकार के स्वास्थ्य व्यवस्था की कलई खोल दी है।
लोगों की नाराजगी के बाद शुरू हुई फॉगिंग
डेंगू के बढ़ते मामलों के बीच नगरवासियों में नाराजगी के बाद आखिरकार नगर पंचायत जाग गया। बुधवार को नगर पंचायत ने क्षेत्र में मच्छरों के प्रकोप को रोकन के लिए फॉगिंग कराई। स्थानीय निवासी कन्हैया लाल गौड़ सहित कई लोगों का कहना है कि काफी अर्से बाद फागिंग शुरू कराई गई है। नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी रागिनी वर्मा ने बताया कि नगर पंचायत के सभी वार्ड में फागिंग कराई जा रही है।
एसीएमओ डॉ. अंसार अली के मुताबिक, जिले में डेंगू की स्थिति नियंत्रण में हैं। जिले में सिर्फ तीन से चार मरीज आ रहे हैं। जो भी केस आए रहे हैं वह अन्य जिलों के हैं। डेंगू के प्रसार को रोकने के लिए हर ब्लाक पर दवा का छिड़काव व फॉगिंग कराई जा रही है। शहरी क्षेत्र में नगर निगम के साथ मिलकर दवा का छिड़काव व फॉगिंग कराया जा रहा है।
यह भी पढ़ें:- अयोध्या विजन 2047 : मार्गों के चौड़ीकरण व हवाई अड्डा निर्माण में तेज लाने पर जोर
