बाराबंकी: भ्रष्टाचार से आहत ग्राम प्रधान ने दी इस्तीफे की धमकी
विकासखंड सिरौलीगौसपुर के सहायक विकास अधिकारी कार्यालय में कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में सफाई कर्मी कर रहा लंबे समय से काम
सिरौलीगौसपुर/बाराबंकी। सरकारी कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार को समाप्त करने के लिए सरकार द्वारा लगातार कड़ी कार्यवाही की जा रही है। लेकिन इस कार्यवाही का नौकरशाहों पर कोई असर नहीं हो रहा है। सरकार तमाम उपाय नाकाफी साबित हो रहे है।
गुरुवार को विकासखंड सिरौलीगौसपुर में इसी तरह के एक मामले को लेकर ग्राम प्रधान ने जमकर हंगामा काटा। पद से इस्तीफा देने की चेतावनी तक दे डाली। विकासखंड सिरौलीगौसपुर के सहायक विकास अधिकारी कार्यालय में कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में एक सफाई कर्मी लंबे समय से काम कर रहा है उसके द्वारा ग्राम प्रधानों से कार्य के बदले में धन उगाही की जा रही है।
जिस पर विरोध जताते हुए ग्राम पंचायत शेषपुर टुटरु के प्रधान संजय सिंह ने कर्मचारी पर आरोप लगाते हुए कहा कि योगी जी की सरकार में कार्य योजना फीडिंग के बदले दो हजार रुपये की मांग की जा रही है। ना देने पर गांव का विकास कार्य प्रभावित किया जा रहा है।
प्रधान ने काफी देर तक विकासखंड परिसर में हंगामा किया किंतु कोई अधिकारी उनकी बात सुनने नहीं आया। वही कंप्यूटर ऑपरेटर कार्यालय छोड़कर भाग खड़ा हुआ। विकासखंड में व्याप्त भ्रष्टाचार से आहत ग्राम प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा देने की चेतावनी भी दी है।
