लखीमपुर-खीरी: गन्ना छीलने गए बच्चे को बाघ ने बनाया अपना निवाला, गांव में दहशत का माहौल
अमृत विचार, पलिया कलां। नगर से 4 किलोमीटर दूर ग्राम मरौचा के निबुआबोझ उपग्राम में गन्ना छीलने खेत पर गए एक 12 वर्षीय बालक को गन्ने से निकले बाघ ने अपना निवाला बना लिया घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
पलिया कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मरौचा के उपग्राम निबुआ बोझ निवासी आबिद अली अपने परिवार के साथ गुरुवार अपराह्न करीब 4 बजे खेत में गन्ना छीलने गया हुआ था।
उसके साथ उसका 12 वर्षीय पुत्र जासिम भी था। जिसको गन्ने से निकले बाघ ने हमलाकर अपने जबड़े में दवा लिया और गन्ने के खेत में खींचने लगा। जब तक आबिद अली एवं उसके परिवार ने हो- हल्ला कर शोर मचाया और पास पड़ोस खेतों में काम कर रहे मजदूर व किसान दौड़े, बाघ ने बच्चे को मौत के घाट उतार दिया।
पश्चात अधिक शोर होने पर बाघ बच्चे के शव को छोड़कर पुनः गन्ने के अंदर घुस गया। इसके बाद ग्रामीणों द्वारा दी गई सूचना पर पहुंची पलिया पुलिस ने मौका मुआयना किया और शव को कब्जे में लेने की कोशिश की। किंतु ग्रामीणों के विरोध के कारण समाचार भेजे जाने तक उसका शव सील नहीं हो सका है। ग्रामीण मौके पर वन अधिकारियों के पहुंचने का इंतजार और परिजन विलाप कर रहे हैं।
