बांदा: धान क्रय केंद्र का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, केंद्र प्रभारी को दिया यह निर्देश
अमृत विचार, बांदा। जिलाधिकारी दीपा रंजन ने शुक्रवार को धान क्रय केंद्र के औचक निरीक्षण में केंद्र प्रभारी को निर्देश दिये कि धान क्रय रजिस्टर में किसानों के नाम व मोबाइल नंबर जरूर अंकित किया जाये। किसानों को धान खरीद के संबंध में फोन पर सूचित किया। धान खरीद के लिये अधिक से अधिक किसानों का रजिस्ट्रेशन किया जाये।
जिलाधिकारी ने सबसे पहले राजकीय धान क्रय केन्द्र मण्डी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने धान क्रय रजिस्टर, टोकेन रिसीविंग रजिस्टर तथा निरीक्षण रजिस्टर एवं अन्य अभिलेख चेक किये। उन्होंने धान क्रय केन्द्र प्रभारी पंकज कुमार से अब तक खरीदे गये धान के संबंध में जानकारी ली।
1.jpg)
धान खरीद के लिये उपलब्ध पाये गये कांटा, बांट, पावर डस्टर एवं धान नमी मापक यंत्र चेक कराया। उन्होंने धान बेचने आये किसान जगतराम से वार्ता की किसान ने बताया कि कोई समस्या नहीं है। केंद्र में बोरों की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए केन्द्र प्रभारी को निर्देश दिये कि किसानों को धान खरीद के लिये फोन पर सूचित करने के साथ ही अधिक से अधिक किसानों का धान खरीद के रजिस्ट्रेशन कराये जायें। निरीक्षण के दौरान एडीएम उमाकान्त त्रिपाठी, मण्डी सचिव प्रदीप कुमार, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका उपस्थित रहे।
खाद वितरण में किसानों को न हो परेशानी
जिलाधिकारी ने डीसीडीएफ शाखा के खाद विक्रय केंद्र मण्डी का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र् प्रभारी मयंक सिंह से खाद की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए स्टॉक रजिस्टर चेक किया। केन्द्र में यूरियाखाद का वितरण किया जा रहा था। केन्द्र प्रभारी को निर्देश दिये कि खाद लेने वाले किसानों का खाद वितरण रजिस्टर में नाम व खतौनी संख्या भी दर्ज करायें।
बीमारी से बचाव को गौवंशों का करायें वैक्सीनेशन
डीएम ने तहसील सदर के हटेटी पुरवा गौशाला का निरीक्षण किया। गौशाला में कम संख्या में गौवंश पाये जाने पर उन्होंने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी एवं अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका को निर्देशित किया कि शहर में विचरण कर रहे गौवंशों को एकत्र कर उन्हें गौशाला में ही संरक्षित रखा जाए। डीएम ने गौशाला में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था और बीमारी से बचाव के लिये वैक्सीनेशन कराये जाने के भी निर्देश दिये।
