हमीरपुर: सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौत, एक घायल
कुरारा (हमीरपुर)। हमीरपुर कालपी फोरलेन पर झलोखर गांव में बीज लेकर जा रहे ट्रक ने पीछे से बाइक सवार कानपुर देहात जनपद निवासी ट्रक चालक और मिस्त्री को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर घायलों को पुलिस ने सीएचसी भेजा। जहां चिकित्सकों ने चालक को मृत घोषित कर दिया। वहीं ट्रक मिस्त्री का इलाज चल रहा है।
हमीरपुर कालपी फोरलेन में शुक्रवार को दोपहर ट्रक खराब होने पर जनपद कानपुर देहात के थाना भोगनीपुर निवासी जितेंद्र (32) पुत्र गया प्रसाद यादव भोगनीपुर गया। वहां ट्रक मिस्त्री शाहिद (30) को बाइक पर लेकर हमीरपुर की ओर जा रहा था। तभी झलोखर गांव में स्टेट बैंक के सामने पीछे से बीज लेकर हमीरपुर की ओर जा रहे ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद चालक कुछ दूर चलने के बाद ट्रक खड़ा कर भाग निकला। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों कुरारा सीएचसी भेजा। जहां चिकित्सक ने जितेंद्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं बाइक चला रहे शाहिद निवासी भोगनीपुर का उपचार सीएससी में हो रहा है।
मृतक के बड़े भाई बृजेश यादव ने बताया कि वह पांच भाइयों में जितेंद्र चौथे नंबर का था। उसकी शादी 10 वर्ष पूर्व हुई थी, वह अपने पीछे एक पुत्र एक पुत्री रोता बिलखता छोड़ गया है। बताया कि वह पिता के साथ खेती किसानी करते हैं। कोतवाल पवन कुमार पटेल ने बताया कि ट्रक को थाने में खड़ा करा लिया है। बताया कि ट्रक में कुरारा बीज गोदाम से मसूर, लाही, चना का बीज लदा है यह बीज मौदहा जा रहा था।
