लखनऊ: शिक्षक महासंघ ने कुलपति विनय पाठक को पदमुक्त करने की उठायी मांग
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विश्वविद्यालय-महाविद्यालय शिक्षक महासंघ (फुपुक्टा) ने शुक्रवार को राज्यपाल को पत्र लिखा है। उन्होंने जांच होने तक कुलपति प्रो. विनय पाठक को पदमुक्त करने की मांग उठायी है। फुपुक्टा केअध्यक्ष डॉ. वीरेन्द्र सिंह चौहान ने कहा कि फुपुक्टा सरकार के भ्रष्टाचार के प्रति शासन के जीरो टोलेरेंस नीति का समर्थन करता है। इस दिशा में जहां भी चाहे जितने छोटे अथवा बड़े स्तर का भ्रष्टाचार का प्रकरण हो। स्वतंत्र निष्पक्ष, दबावमुक्त जांच तथा दोषियों के समूचे नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए उनके विरुद्ध न्यायसंगत एवं उदाहरण बनने वाली कार्रवाई की मांग करता है।
उन्होंने कहा कि शिक्षक महासंघ की मांग है कि जिस प्रकार पूर्व में भ्रष्टाचार के आरोपी डॉ. भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय, आगरा व डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के कुलपतियों के निष्पक्ष जांच की शुचिता व जांच को दबावमुक्त रखने के लिए उन्हें जांच प्रक्रिया के दौरान पदमुक्त रखा गया।
वैसे ही कहीं ज्यादा बड़े तथा अनेक स्थानों व स्तरों पर भ्रष्टाचार के आरोपित छत्रपति साहूजी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर के कुलपति प्रो. विनय पाठक को भी तत्काल पदमुक्त किया जाय। दोष सिद्ध होने की स्थिति में उसकी भरपाई करते हए न्यायसंगत दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित हो। ऐसा न किये जाने से शिक्षक समुदाय में समान परिस्थितियों में समान प्रक्रिया के पालन न किये जाने तथा पक्षपात किये जाने का संदेश जाता है जो कुलाधिपति के पद की गरिमा के अनुकूल नहीं प्रतीत होता।
