बहराइच : एक महीने बाद भी छात्र की नहीं आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मजबूरन मृतक छात्र के परिजन सीओ कार्यालय में लगा रहे चक्कर

अमृत विचार, बहराइच। नगर कोतवाली क्षेत्र के सिटी मांटेसरी स्कूल में 12 अक्टूबर को झूला के नीचे दबने से दो छात्रों की मौत हो गई थी। एक छात्र की मौत लखनऊ में हुई थी। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट एक माह बीतने के बाद भी नहीं मिली है। जिससे परिवार के लोग काफी परेशान हैं। सभी सीओ ऑफिस में चक्कर लगाने को विवश हैं। 

सुजौली थाना क्षेत्र के ग्राम विशुनापुर निवासी प्रतीक और नगर कोतवाली के मोहल्ला चिक्कीपुरा निवासी अरसान शहर के सिटी मांटेसरी स्कूल में पढ़ाई करते थे। कक्षा दो के छात्र 12 अक्टूबर को झूला झूल रहे थे। तभी झूला उन सभी के ऊपर गिर गया था। एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई थी।

जबकि प्रतीक ने लखनऊ के प्राइवेट अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। परिवार के लोगों ने प्रशासन के समझाने पर अंतिम संस्कार कर दिया था। मृतक के चाचा सुरेश कुमार ने बताया कि अब लग रहा है कि केस को घुमाने के लिए खेल किया जा रहा है।

वह कई बार पुलिस क्षेत्राधिकारी कार्यालय के चक्कर लगा चुके हैं। एक माह बीत गया है, लेकिन अभी तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं आई है। इस मामले में पुलिस क्षेत्राधिकारी जेबी यादव से बात की गई तो उन्होंने बताया कि डाक द्वारा रिपोर्ट आने के चलते देरी हो रही है।

 

संबंधित समाचार