रायबरेली: बीमारी से तंग महिला ने चाकू से गला रेतकर की आत्महत्या

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रायबरेली। जिले के ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के गांव सवैया धनी निवासी महिला पेट के कैंसर की बीमारी से ग्रसित थी। जिसकी वजह से वह मानसिक अवसाद में रहा करती थी। बीमारी से तंग आकर शनिवार की शाम चाकू से गला रेत कर हत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है।

गांव निवासी इंद्राणी (45 वर्ष) करीब तीन सालों से पेट के कैंसर की बीमारी से ग्रसित थी। काफी उपचार के बावजूद भी स्वस्थ न होने पर वह मानसिक अवसाद में रहा करती थी। लाइलाज बीमारी और आर्थिक तंगी के कारण वह काफी परेशान थी। उसका पति ठेलिया लगाकर परिवार का भरण पोषण करता था। 

शनिवार को दोपहर बाद परिवार के जीविकोपार्जन के लिए पति देशराज लइया चना की ठेली लेककर बेचने के लिए सवैया तिराहा चला गया। अन्य पारिवारिक जन खेत गए हुए थे। इसी बीच महिला ने अपने को अकेले पाकर घर में रखे धारदार चाकू से गला रेत लिया। जिसके चलते तेजी में रक्तस्राव होने लगा। और कुछ ही पलों में उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद जब परिवार के लोग घर आए तो महिला का रक्तरंजित शव पड़ा हुआ था। उसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। शव के पास ही महिला के हाथ में चाकू भी पड़ा हुआ था। घटना की खबर फैलते ही ग्रामीणों की खासी भीड़ मौके पर जमा हो गई। 

सूचना पाकर गांव पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम के लिए भेजा है। कोतवाल संजय कुमार त्यागी ने बताया कि बीमारी से तंग आकर महिला ने गला रेत कर मौत को गले लगाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज