हल्द्वानी: उद्घाटन मैच में उत्तराखंड ने ओडिशा को चार विकेट से हराया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। विजय हजारे वनडे ट्रॉफी के उद्घाटन मैच में उत्तराखंड की टीम ने ओडिशा को चार विकेट से हराकर अपने विजय अभियान की शुरूआत की है। मुंबई के शरद पवार क्रिकेट एकेडमी मैदान में उत्तराखंड के कप्तान आकाश मधवाल ने टॉस जीतकर ओडिशा को पहले बल्लेबाजी के लिये आमंत्रित किया।

मैच के दौरान ओडिशा ने सभी विकेट खोकर 44.2 ओवर में 178 रन बनाये। एक विकेट के नुकसान पर ओडिशा की टीम 115 रन के साथ आगे बढ़ रही थी, लेकिन उत्तराखंड के गेंदबाजों के आगे नतमस्तक हो गई। टीम के लिये सबसे ज्यादा रन सुबहरंशु सेनापति ने 60 रन बनाये। वहीं, उत्तराखंड के लिये हिमांशु बिष्ट ने 4 व राजन ने 3 विकेट लिये।

जवाब में उतरी उत्तराखंड की टीम ने निर्धारित लक्ष्य को 6 विकेट के नुकसान पर पूरा कर मैच को 4 विकेट से जीत लिया। उत्तराखंड की शुरूआत काफी खराब रही। चार महत्वपूर्ण विकेट 27 रन बनाकर पवेलियन लौट आये, लेकिन मध्यक्रम के बल्लेबाज स्वंनिल के सिंह के 48 रन और दीक्षांशु नेगी के नाबाद 111 गेंद में 11 चौके की मदद से 80 रन की पारी से मैच को जीत लिया गया। हल्द्वानी के वैभव भट्ट ने भी 1 चौके 1 छक्के की मदद से 27 रन की पारी खेली। रविवार को मुंबई में ही उत्तराखंड की भिड़ंत पंजाब से होगी।

उत्तराखंड की जीत पर क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (सीएयू) के अध्यक्ष जोत सिंह गोंनसाला, सचिव महिम वर्मा, कार्यवाहक कोषाध्यक्ष दीपक मेहरा, जिला नैनीताल क्रिकेट एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष कमल पपनै ने टीम के सभी सदस्यों को बधाई दी है।

संबंधित समाचार