निकाय चुनाव: दावे व आपत्तियों के निस्तारण में छूट रहे कर्मियों के पसीने
18 नवम्बर को होगा निकाय क्षेत्रों की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन
अयोध्या, अमृत विचार। निकाय चुनाव क्षेत्रों की मतदाता सूची का 31 अक्टूबर को ड्राफ्ट प्रकाशित होने के बाद उस पर प्राप्त दावे व आपत्तियों के निस्तारण को लेकर पंचायत चुनाव कार्यालय कर्मियों के पसीने छूट रहे हैं। 14 से 17 नवंबर तक पूरक सूचियों की पांडुलिपियों की तैयारी और उन्हें मूल सूची में समाहित करने की कार्यवाही होनी है। 18 नवंबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा। निकाय चुनाव क्षेत्रों में मतदाता सूची पर 15 हजार से अधिक प्राप्त आपत्तियां प्राप्त हुई हैं। लेकिन इनके निस्तारण का कार्य शनिवार तक भी पूरा होना था। सबसे अधिक आपत्तियां नगर निगम अयोध्या से आई हैं। फिलहाल परिवर्तन, संशोधन एवं अपमार्जन को लेकर आपत्तियों के निस्तारण के बाद सूची की फीडिंग का कार्य भी साथ में चल रहा है।
पंचस्थानीय चुनावालय पंचायत एवं स्थानीय निकाय से मिली जानकारी के अनुसार जनपद अयोध्या में नगर निगम सहित एक नगर पालिका व 5 नगर पंचायतों की 31 अक्टूबर को प्रकाशित अनन्तिम मतदाता सूची पर आपत्तियां प्राप्त की जा चुकी हैं। उप जिलाधिरी बीकापुर ने प्राप्त आत्तियों की संख्या बताने से इंकार किया है। वहीं अन्य तहसीलों में आपत्तियां निस्तारित करने का कार्य शनिवार को जारी रहा। जिले में निकाय क्षेत्र की मतदाता सूची पर प्राप्त आपत्तियों में सबसे अधिक संख्या नगर निगम की मतदाता सूची पर आई हैं।
नगर निगम की वोटर लिस्ट मुख्य आपत्तियां मतदाताओं के नाम एक वार्ड से दूसरे वार्ड में चले जाने को लेकर ही हुई हैं। नगर निगम के 60 वार्डों में कोई ऐसा पार्षद नहीं बचा जिसने मतदाता सूची पर आपत्ति न की हो। बताते हैं कि कहीं मतदाताओं का वार्ड ही बदल गया है तो कहीं जीवित वोटर को मृत घोषित कर दिया गया। इसके अलावा मतदाता सूची में नाम बढ़वाने, संशोधन और कटवाने के लिए भी हजारों दावे किये गये हैं। इसे दुरुस्त करने में ही पंचायत चुनाव कार्यालय कर्मियों को नसीने आ रहे हैं। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत सूर्य भान ने बताया कि आपत्तियों का निस्तारण सभी एसडीएम अपने स्तर पर करवा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पांडुलिपियां तैयार कराई जा रही हैं। सभी आपत्तियों का निस्तारण होने के बाद 18 नवम्बर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाश किया जायेगा।
मतदान केन्द्रों की सत्यापन आख्या अभी नहीं आई
निकाय चुनाव के मतदान केन्द्रों की मौजूदा स्थिति क्या है, इसे लेकर सभी उप जिलाधिकारियों से उनके क्षेत्रों में स्थित मतदाता केन्द्रों की सत्यापन रिपोर्ट मांगी गयी है। लेकिन अभी तक एसडीएम की सत्यापन आख्या पंचायत निर्वाचन कार्यालय पर नहीं पहुंची है। सत्यापन में मुख्य बिंदु मतदान केन्द्र की दशा, वहां तक पहुंचने वाले मार्ग की स्थिति, भवन की स्थिति सहित अन्य बिंदुओं पर रिपोर्ट मांगी गयी है। जिले में कुल 221 मतदान केन्द्र व 435 मतदेय स्थलों पर मतदान होना है। इनमें नगर निगम क्षेत्र में 90 मतदान केन्द्र व 264 मतदान स्थल हैं। वहीं नगर पालिका क्षेत्र रुदौली में 69 मतदान केन्द्र व 55 बूथ, नगर पंचायत गोसाईंगंज में 3 मतदान केन्द्र और 12 बूथ, नगर पंचायत भदरसा में 20 मतदान केन्द्र व 34 बूथ हैं। इसी प्रकार से नगर पंचायत कुमारगंज में 10 मतदान केन्द्र व 17 बूथ हैं, नगर पंचायत खिरौनी सुुचित्तागंज में 9 मतदान केन्द्र व 20 बूथ, नगर पंचायत मां कामाख्या में 15 मतदान केन्द्र व 22 बूथ और नगर पंचायत बीकापुर क्षेत्र में 5 मतदान केन्द्र व 11 बूथ हैं। इन्हीं मतदान केन्द्रों की सत्यापन आख्या उपजिलाधिकारियों से मांगी गयी है।
