बांदा: मवेशियों ने धान की फसल को किया बर्बाद, हार्ट अटैक से किसान की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बांदा, अमृत विचार। धान की फसल अन्ना मवेशियों द्वारा चर जाने से किसान परेशान हो गया। खेत से घर लौटे किसान को दिल का दौरा पड़ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। अस्पताल में चिकित्सक ने किसान को मृत घोषित कर दिया। परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाली क्षेत्र नरैनी के नौहाई गांव निवासी किसान रामकिशोर (48) पुत्र नत्थू रात में अपने खेतों की रखवाली के लिए गया था।

वहीं खेतो में बने अपने पुरवा में तड़के आए और नित्यक्रिया करने के बाद सुबह 6 बजे फिर खेतो में चले गए। इसके बेटे संजय सिंह ने बताया कि सुबह 10 बजे पिता खेतो से लौटे और सीने में दर्द की बात बताई, बताया कि तत्काल एम्बुलेंस से सीएचसी लेकर आए यहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।

बेटे ने बताया कि उनके पास 4 बीघा जमीन है जिसमे धान की फसल लगी है बताया पिता रात दिन फसल की रखवाली में लगे रहते थे इसके बाद भी अन्ना गायों ने उनकी फसल चर डाली है, जिससे बहुत परेशान रहते थे। बेटे ने बताया कि आर्यावर्त बैंक बहेरी शाखा से कई साल पहले 50 हजार रुपए का कर्ज लिया था। मुख्यमंत्री की कर्ज माफी योजना में भी कर्ज माफ नहीं हुआ था। अब यह बढ़कर करीब डेढ़ लाख रुपए हो गया है।

पिता को इसकी भी चिंता सताती रहती थी। बेटे ने पुलिस से पोस्टमार्टम कराने की मांग की है। दिवंगत किसान के दो बेटे एक बेटी है। तहसीलदार सत्यप्रकाश ने बताया कि दुर्घटना में किसान की मौत होने पर सहायता का प्राविधान है। बीमारी से मौत होने पर कोई सहायता नही दी जाती है।

संबंधित समाचार