अयोध्या: हवा-हवाई साबित हुई पंचायतों में वाईफाई की योजना, 2018 तक होना था काम पूरा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, अयोध्या। वर्ष 2015 से 18 तक जिले के 11 ब्लॉकों की कुल 835 ग्राम पंचायतों को वाईफाई सुविधा से लैस करने की केन्द्र सरकार की योजना यहां हवाई साबित हो रही है। जिले की अधिकतर ग्राम पंचायतों में अभी तक वाईफाई की सुविधा नहीं हो सकी है। केंद्र सरकार ने अभियान चलाकर भारत सरकार के उपक्रम बीएसएनएल के माध्यम से ऑप्टिकल फाइवर केबल बिछाने का कार्य के निर्देश दिए थे लेकिन योजना अवधि पूरी होने के चार साल बाद भी सब जस का तस है।

पूराबाजार प्रतिनिधि के अनुसार ब्लॉक के कुल 54 गांव में अभी तक किसी भी गांव में वाईफाई इंटरनेट कनेक्शन नहीं हो पाया है। कुछ ग्राम पंचायतों में ग्राम पंचायत के सचिव और प्रधान ने काम बाधित न हो इसके लिए ग्राम पंचायत खाते से वाई फाई की व्यवस्था की है। ग्राम पंचायत अधिकारी ज्योति ने बताया कि तार तो बिछाया गया था लेकिन अभी कोई कनेक्शन करने नहीं आया। ग्राम विकास अधिकारी नीरज सिंह ने बताया की सरकारी तौर पर अभी पंचायत भवनों को वाईफाई से जोड़ा नहीं जा सका है।

ग्राम पंचायत सराय चैमल के प्रधान सुनील मौर्य ने बताया कि पंचायत भवन में वाईफाई का कनेक्शन तो नहीं हुआ लेकिन अपने निजी खर्च से रिचार्ज भरा कर काम चलाया जा रहा है। मिल्कीपुर प्रतिनिधि के अनुसार विकासखंड क्षेत्र अंतर्गत 77 ग्राम पंचायतों के पंचायत भवनों पर वाईफाई लगाए जाने का निर्देश बेअसर साबित हुआ। विकासखंड की एक भी ग्राम पंचायत में वाईफाई की व्यवस्था अभी तक नहीं कराई गई।

जिससे ऑनलाइन संबंधित कार्यों में बाधा उत्पन्न हो रही है। देवनपारा ग्राम प्रधान ने बताया की वाईफाई संबंधित कुछ यंत्र पंचायत भवन पर न लगाकर प्राथमिक विद्यालय पर लगाया गया है जोकि नियम के विरुद्ध है। खंड विकास अधिकारी मनीष कुमार मौर्य ने बताया की वाईफाई कितने ग्राम पंचायतों में लगाया गया है और कितने अभी शेष हैं मुझे इसकी जानकारी नहीं है। जाना बाजार प्रतिनिधि के अनुसार विकासखंड तारुन में 97 ग्राम पंचायतें हैं।

ग्राम पंचायतों में इंटरनेट की सुविधा तो हो गई है लेकिन वाई-फाई की सुविधा से अभी भी वंचित हैं। ग्राम सचिवालय भवनों पर कंप्यूटर की व्यवस्था हो गई है लेकिन वाईफाई न होने के नाते काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्राम प्रधान मैहर राज बहादुर यादव, कोरोराघवपुर विनोद सिंह, तारुन हरीराम निषाद ने बताया कंप्यूटर तो लग गया है लेकिन वाईफाई का दूर-दूर तक पता ही नहीं है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जाना धर्मवीर वर्मा ने बताया वाईफाई लगा हुआ है लेकिन काम नहीं कर रहा है।

योजना लागू की गई थी, कुछ पंचायतों में काम भी हुआ है। बीएसएनएल को जिम्मा दिया गया था। इस संबंध में सभी ब्लाकों से रिपोर्ट मंगा कर ही कुछ जानकारी दी जा सकती है ...अनीता यादव, मुख्य विकास अधिकारी, अयोध्या।

संबंधित समाचार