रायबरेली: रोडवेज बस और बाइक की टक्कर में भतीजे की मौत, चाचा की हालत नाजुक
अमृत विचार, रायबरेली। रायबरेली के खीरों थानाक्षेत्र के अतरहर मार्ग पर बरौडी मोड़ के निकट रोडवेज बस व बाइक की आमने सामने भिड़ंत हो गई, हादसे में एक युवक की मौत हो गई। वहीं दूसरा गम्भीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह अतरहर गांव निवासी अभिषेक पुत्र ब्रह्मदत्त अपने भतीजे उमेश (18) के साथ बाइक से खजूरियाबांध की ओर आ रहे थे और खीरों की तरफ से लखनऊ उपनगरीय की बस सवारियां लेकर जा रही थी तभी बरौंडी मोड़ के सामने दोनों की आमने सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गये। स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को घटना की सूचना दी।
जानकारी मिलते ही पहुंची पुलिस ने बाइक में फंसे युवकों को निकाला, जिसमें उमेश की मौत हो गई वही घायल अभिषेक को सीएचसी भेजा गया जहां से जिला अस्पताल रिफर किया गया है। वहीं पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। इस सम्बंध के एसओ ने बताया कि शव को पीएम के लिए भेजा जा रहा है, परिजनों की तहरीर पर केस दर्ज कर आवश्यक कार्यवाई की जाएगी।
