मुरादाबाद: अवैध खनन-भ्रष्टाचार के मामलों में सख्ती करेंगे नवागत एसएसपी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बैच के आइपीएस हेमराज मीना ने संभाला कार्यभार, मूल रूप से राजस्थान राज्य के सवाई माधोपुर निवासी हैं

मुरादाबाद, अमृत विचार। नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना अवैध खनन और भ्रष्टाचार के मामलों में कड़ी कार्रवाई के पक्षधर हैं। अनुशासन को शीर्ष प्राथमिकता देंगे। निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण और पारदर्शी माहौल में संपन्न कराने की ठोस रणनीति पर कार्य करेंगे। असलहों की सूची तैयार कराएंगे।

थाना प्रभारियों से बूथों का निरीक्षण कराएंगे। मौके की रिपोर्ट विभाग के अधिकारियों को भेजेंगे। रविवार की सुबह 10 बजे एसएसपी के रूप में कार्यभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से परिचयात्मक वार्ता में इस बात के संकेत दिए। आरंभ मेंअधीनस्थों के साथ संक्षिप्त बैठक की और फिर अधिकारियों से मिलने चले गए। शाम को साढ़े तीन बजे पुलिस लाइन सभागार में विभागीय अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ बैठक की। यहां पत्रकारों के सवालों के जवाब भी दिए।

बोले, अवैध खनन के मामलों में कड़ी कार्रवाई होगी। विभाग में अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। भ्रष्टाचारियों को भी नहीं बख्शा जाएगा। पुलिस अपने दायित्व का निर्वहन शासन की मंशा के अनुरूप करेगी। थाने में अनुशासनहीनता करने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अनुशासनहीनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के असरदार प्रयास होंगे। थाने में फरियादियों के साथ सही व्यावहार नहीं करने वाले थाना प्रभारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

मीना 2012 बैच के आइपीएस अधिकारी हैं। मूलरूप से राजस्थान के सवाई माधोपुर जनपद के बावन बास गांव के निवासी हैं। जयपुर से हिंदी साहित्य की पढ़ाई की। इसके बाद सिविल सर्विस की परीक्षा पास की थी। पहली तैनाती गाजियाबाद में हुई थी। इसके बाद अलीगढ़, गोरखपुर, संतकबीर, 26-पीएसी कमांडेंट, एसपी हमीरपुर और एसपी कौशांबी रहे। उन्हें पहली बार पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद में तैनाती मिली है।

संबंधित समाचार