बहराइच: चोरी की बाइकों के संग चार गिरफ्तार, पुलिस ने बाइक सीज कर आरोपियों को भेजा जेल
नानपारा, बहराइच। कोतवाली नानपारा की पुलिस ने चोरी की दो बाइक संग चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। चोरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। जबकि बरामद बाइक को सीज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार चौधरी के निर्देशन में पुलिस क्षेत्राधिकारी राहुल पांडेय ने नानपारा पुलिस को अपराधियों के विरुद्ध अभियान चलाने के निर्देश दिए।
कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि उप निरीक्षक अशोक कुमार वर्मा, एसआई धात्री शंकर सहाय, अजय कुमार यादव, प्रमोद कुमार, रवि कुमार की टीम नगर में वाहन की जांच कर रही थी। तभी बाइक सवार लोग आते दिखे। उनके बाइक को रोक कर कागजात मांगे गए तो सभी कागजात नहीं दिखा सके। पुलिस की पूछताछ में सभी ने बाइक चोरी की बात कही।
उनके बताए स्थान से पुलिस ने एक और चोरी की बाइक बरामद की। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि दो चोरी की बाइक बरामद कर सीज कर दिया गया है। जबकि बाइक चोर खैरीघाट के नकहा बाजार निवासी सद्दाम पुत्र हनीफ, कोतवाली मुर्तिहा के बड़ी बोझिया बाजार निवासी छोटे पुत्र शकूर, अवधेश कुमार पुत्र सत्रोहन और नानपारा के अल्ताब पुरवा निवासी सलीम पुत्र ननकऊ के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
