देश में कोरोना मामले 13 लाख के करीब, रिकवरी दर 63 फीसदी के पार
नई दिल्ली। देश में वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) का महाराष्ट्र, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और उत्तर प्रदेश में प्रकोप तेजी से बढ़ने से गुरुवार रात कुल संक्रमितों का आंकड़ा 12.85 लाख के पार पहुंच गया तथा मृतकों की संख्या 30,000 से अधिक हो गयी। इस दौरान राहत की बात यह रही कि मरीजों के …
नई दिल्ली। देश में वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) का महाराष्ट्र, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और उत्तर प्रदेश में प्रकोप तेजी से बढ़ने से गुरुवार रात कुल संक्रमितों का आंकड़ा 12.85 लाख के पार पहुंच गया तथा मृतकों की संख्या 30,000 से अधिक हो गयी। इस दौरान राहत की बात यह रही कि मरीजों के स्वस्थ होने की दर बुधवार के 63.20 फीसदी से मामूली बढ़कर 63.43 प्रतिशत पर पहुंच गयी।
झारखंड ने राज्य में कोरोना संक्रमण से तेजी से हो रहे फैलाव को काबू करने की दिशा में कठोर कदम उठाते हुए घर से बाहर निकलने पर मास्क नहीं पहने व्यक्ति पर एक लाख रुपये के जुर्माने और दो साल की सजा का प्रावधान किया है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से आज सुबह जारी कोरोना आंकड़ो में कुल संक्रमितों की संख्या 12 लाख 38 हजार 635 था जबकि मृतकों का आंकड़ा 29681 था। देर शाम विभिन्न राज्यों के आंकड़ो में आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश और केरल में रिकार्ड नये मामले आये जबकि गत दिवस साढ़े दस हजार से अधिक नये मामले वाले महाराष्ट्र में मामूली राहत रही। इन छह राज्यों में 33 हजार से अधिक नये मामले तथा 587 की और मौत हुई है।
महाराष्ट्र में 9895 नये संक्रमित मामले सामने आये और 298 की मौत हुई है। कुल तीन लाख 47 हजार 502 मामलों के साथ देश में महाराष्ट्र कोरोना से सबसे अधिक त्रस्त राज्य है। इस दौरान तमिलनाडु में 6472 नये मामले सामने आये और 88 मरीजों की मौत हुई है। कुल 1,92,964 मामल़ों तथा 3,232 मौतों के साथ राज्य पूरे देश में दूसरे नंबर पर है। कुल मामल़ों के लिहाज से दिल्ली एक लाख 27 हजार 364 मामलों के साथ तीसरे स्थान पर है। यहां 1041 नये मामले आए जबकि 26 लोगों की और मौत से मरने वालों की कुल संख्या 3745 हो गई।
महाराष्ट्र के बाद आंध्र प्रदेश में सर्वाधिक 7,998 नये मामल़ों के आने से मरीजों की कुल संख्या 72,711 पर पहुंच गई। कर्नाटक में 5,030 नये मामलों से कुल संक्रमितों की संख्या 80 हजार के पार हो गई। उत्तर प्रदेश में 2529 नये मामले आने से संक्रमितों की संख्या 58 हजार से अधिक हो गयी है जबकि पश्चिम बंगाल में 2534 नये मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या 51 हजार के पार हो गयी है। गुरुवार को मृत्यु दर भी पहले के 2.42 फीसदी की तुलना में घटकर 2.38 रह गयी।
‘कोविड19इंडियाडॉटओआरजी’ के आंकड़ों के अनुसार देश में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल 12,85,236 मामलों की आज रात तक पुष्टि हो चुकी है जबकि सुबह यह संख्या 12,38,635 थी। इस प्रकार सुबह से लेकर देर रात तक 45,552 नये मामले आ चुके हैं। अब तक कुल 8,15,251 मरीज स्वस्थ हुए हैं जबकि 30,607 लोगों की इस महामारी से मौत हो चुकी है। अन्य 4,38,961 सक्रिय मामलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है। इस प्रकार बीमार मरीजों की तुलना में ठीक हुए रोगमुक्त लोगों की संख्या करीब पौने चार लाख से अधिक का इजाफा हुआ है। फिलहाल यह अंतर 3,76,290 है।
इसबीच भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों में देशभर में कोरोना वायरस के 3,50,823 नमूनों की जांच की गयी और इसके साथ ही अब तक जांच किये गये नमूनों की कुल संख्या 1,50,75,369 हो गयी है। देश में कोरोना परीक्षण लैब की संख्या भी बढ़कर 1,284 हो गयी है।
विभिन्न राज्यों की स्थिति पर नजर डालें तो महाराष्ट्र संंक्रमण और मौत के मामलों को लेकर सबसे गंभीर स्थिति का सामना कर रहा है। राहत की बात यह है कि राज्य में पहले की तुलना में मरीजों के स्वस्थ होने की दर में सुधार हुआ है तथा 6484 और मरीजों के स्वस्थ होने के बाद अब तक 1,94,253 लोग संक्रमण मुक्त भी हुए हैं।
संक्रमण के मामलों में दूसरे स्थान पर स्थित तमिलनाडु में इस दौरान 5210 और लोगों के स्वस्थ होने से राज्य में अब तक 1,36,793 लोगों को अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोरोना महामारी की स्थिति अब कुछ नियंत्रण में है और यहां संक्रमण के मामलों में वृद्धि की रफ्तार थोड़ी कम हुई है।
राजधानी में 1415 और लोगों के स्वस्थ होने के बाद अब तक 1,09,065 मरीज रोगमुक्त हुए हैं। दक्षिण भारतीय राज्य कर्नाटक संक्रमितों की संख्या के मामले में चौथे स्थान पर पहुंच गया है। राज्य में 80,863 लोग संक्रमित हुए हैं तथा 1616 लोगों की इससे मौत हुई है, वहीं 29,310 लोग स्वस्थ भी हुए हैं।
आंध्र प्रदेश में संक्रमितों की संख्या में तेजी से वृद्धि होने के कारण यह सर्वाधिक प्रभावित राज्यों की सूची में उत्तर प्रदेश और गुजरात से आगे निकल गया है। राज्य में 72711 लोग संक्रमित हुए हैं तथा मरने वालों की संख्या 884 हो गयी है, जबकि 37555 लोग स्वस्थ हो चुके हैं।
आबादी के हिसाब से देश का सबसे बड़ा राज्य उत्तर प्रदेश कोरोना संक्रमण के मामले में गुजरात को पीछे छोड़कर छठे स्थान पर आ गया है। राज्य में अब तक 58,104 मामले सामने आए हैं तथा इस महामारी से 1,298 लोगों की मौत हुई है जबकि 35,803 मरीज ठीक हुए हैं।
देश का पश्चिमी राज्य गुजरात संक्रमण के मामले में सातवें स्थान पर आ गया है, लेकिन मृतकों की संख्या के मामले में यह महाराष्ट्र, दिल्ली और तमिलनाडु के बाद चौथे स्थान पर है। गुजरात में 52563 लोग वायरस से संक्रमित हुए हैं तथा 2257 लोगों की मौत हुई है। राज्य में 37,958 लोग इस बीमारी से स्वस्थ भी हुए हैं।
इस बीच पश्चिम बंगाल ने तेलंगाना को पीछे छोड़ते हुए आठवें स्थान पर आ गया है। राज्य में 51757 लोग कोरोना वायरस की चपेट में आए हैं तथा 1255 लोगों की मौत हुई है, वहीं अब तक 31,656 लोग स्वस्थ हुए हैं। एक और दक्षिण भारतीय राज्य तेलंगाना में भी कोरोना संक्रमण के मामले बहुत तेजी से बढ़ रहे हैं। तेलंगाना में कोरोना संक्रमितों की संख्या 50,826 हो गयी है और 447 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 39,327 लोग अब तक इस महामारी से ठीक हुए हैं।
राजस्थान में भी कोरोना संक्रमितों की संख्या 33,220 हो गयी है और अब तक 594 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 23,815 लोग पूरी तरह ठीक हुए हैं। बिहार में भी कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है और अब तक 31,691 लोग संक्रमित हुए हैं जबकि 212 की मौत हुई है। हरियाणा में 28,975 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं तथा 378 लोगों की मौत हुई है।
कोरोना की महामारी से मध्य प्रदेश में 780, जम्मू-कश्मीर में 282, पंजाब में 277, ओडिशा में 145, असम में 66, झारखंड में 65, उत्तराखंड में 60, केरल में 51, पुड्डुचेरी में 34, छत्तीसगढ़ में 30, गोवा में 29 , चंडीगढ़ में 13 , हिमाचल प्रदेश 11, त्रिपुरा मे 10, मेघालय में चार, अरुणाचल प्रदेश में तीन,लद्दाख तथा दादर-नागर हवेली एवं दमन-दीव में दो-दो लोगों की मौत हुई है।
