अयोध्या: आदेश के बावजूद सरकारी नाले पर नहीं हटा अतिक्रमण
अयोध्या, अमृत विचार। शहर के राठहवेली स्थित सरकारी नाले पर अतिक्रमण की मुख्यमंत्री से शिकायत के बाद नगर निगम की ओर से अतिक्रमण हटाने का आदेश जारी किए जाने के बाद भी अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद हैं। शिकयतकर्ता का आरोप है कि अतिक्रमणकारी नगर निगम के अधिकारियों की मिली भगत से नाले पर नया निर्माण कर रहे हैं।
शिकायतकर्ता राठहवेली निवासी दिलीप यादव ने क्षेत्र के सरकारी नाले पर स्थानीय निवासी दो लोगों पर अवैध कब्जे किए जाने को लेकर मुख्यमंत्री से शिकायत की थी। पीड़ित की शिकायत के बाद नगर निगम प्रशासन की ओर से अतिक्रमण मामले में जिलाधिकारी को प्रेषित किए पत्र कहा गया था कि शिकायत मिलने के बाद अवर अभियंता सिविल की ओर से स्थलीय निरीक्षण कर अतिक्रमण हटाने के लिए निर्देशित किया गया था। अतिक्रमण न हटाने की पर नगर निगम की ओर से अतिक्रमण को हटाया जाएगा।
पीड़ित दिलीप यादव का आरोप है कि नगर निगम की ओर से आदेश जारी होने के बाद राठहवेली निवासी धनीराम व मनीराम अतिक्रमण हटाने की बजाय निगम अधिकारियों की मिलीभगत से नया निर्माण कर रहे हैं। पीड़ित का कहना है कि मुख्यमंत्री से शिकायत के पूर्व मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी व सचिव अयोध्या विकास प्राधिकरण से मामले की शिकायत की गई थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
