अयोध्या : बोर्ड परीक्षा केन्द्रों के लिए विद्यालयों की हो रही भौतिक जांच 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

आगामी 2023 की हाईस्कूल व इण्टरमीडिएट परीक्षा को लेकर हो रही कवायद

जनपद के सभी 437 माध्यमिक विद्यालयों की कराई जा रही स्थली जांच

अमृत विचार, अयोध्या। जिले के सभी माध्यमिक विद्यालयों की भौतिक जांच कराई जा रही है। जनपद में 437 माध्यमिक विद्यालय हैं। उप्र माध्यमिक शिक्षा परिषद से संचालित हाईस्कूल व इण्टरमीडिएट परीक्षा 2023 के लिए परीक्षा केन्द्र निर्धारण से पहले विद्यालयों की जांच की जा रही है।

जिससे यह देखा जा सके कि यह परीक्षा केन्द्र बनने के मानकों को पूरा करते हैं या नहीं। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित 5 कमेटियों द्वारा विद्यालयों का भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। 

इस कमेटी में एसडीएम सदर, एसडीएम सोहावल, एसडीएम बीकापुर व एसडीएम मिल्कीपुर तथा एसडीएम रुदौली व उनके साथ एक-एक सदस्य एवं प्रत्येक तहसील में एक प्रधानाचार्य को सदस्य सचिव बनाया गया है। यह कमेटी विद्यालयों का स्थलीय निरीक्षण कर रही है।

सभी जांच अधिकारियों की अपनी जांच रिपोर्ट 18 नवम्बर को जिलाधिकारी को सौंपने के निर्देश दिये गये हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के परीक्षा विभाग के अनुसार जांच रिपोर्ट आने के बाद जिला कमेटी के   माध्यम से परीक्षा केन्द्र निर्धारण के लिए यूपी बोर्ड को विद्यालयों की सूची भेजी जाएगी।

इसके बाद बोर्ड परीक्षा केन्द्रों का निर्धारण करेगा।  बताया गया कि जिले में 28 राजकीय, 50 अनुदानित व अन्य सभी मान्यता प्राप्त विद्यालय हैं।

संबंधित समाचार