लखनऊ : प्रेमी से धोखा मिलने पर प्रेमिका ने गोमती में लगाई छलांग
अमृत विचार, लखनऊ। प्रेमी से धोखा मिलने के बाद मंगलवार की दोपहर एक प्रेमिका ने गोमती नदी में छलांग लगा दी। जब लोगों ने युवती को नदी में छलांग लगाते देखा तो पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी। इसके बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से पुलिस ने युवती को सुरक्षित बाहर निकाला। जिसके बाद गोमतीनगर पुलिस ने युवती से पूछताछ करने के बाद उसके परिजनों को मामले की जानकारी दी।
गोमतीनगर थानाक्षेत्र अन्तर्गत विकासखंड निवासिनी युवती का एक साल से सौरभ नाम एक शख्स से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। युवती ने बताया कि करीब हफ्ते भर पहले उसे शक हुआ कि सौरभ उसे धोखा दे रहा है। इस बात पर दोनों के बीच विवाद भी हुआ था।
मंगलवार को युवती खुदकुशी करने के इरादे से गोमती रिवर फ्रंट पर पहुंची और पुल से उसने छलांग लगा दी। युवती को नदी में कूदता देखकर लोग शोर मचाने लगे। पुल पर मौजूद लोगों ने फौरन पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी।
इसके बाद पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद युवती को बाहर निकाला। हालांकि पुलिस मामले की तफ्तीश करती है। इस सम्बन्ध में गोमतीनगर पुलिस का कहना है कि युवती के परिजनों ने किसी भी प्रकार की तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर ही पुलिस कार्रवाई करेगी।
