बांदा: डीएम ने डेंगू प्रभावित मोहल्लों का निरीक्षण कर दिए सख्त निर्देश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बांदा, अमृत विचार। जिलाधिकारी दीपा रंजन ने बुधवार को शहर के डेंगू प्रभावित क्षेत्र कालूकुआं और तुलसी नगर का स्थलीय निरीक्षण किया और मातहतों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। डीएम ने अधिशाषी अधिकारी को शहर की नियमित सफाई कराने, फॉगिंग और एंटीलार्वा का छिड़काव कराने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने कालूकुआं में करीब सौ मीटर निचली सड़क को ऊंचा करके बनाने का प्रस्ताव देने के निर्देश दिए। कहा कि जलभराव व गंदगी कहीं भी न होने पाए, ताकि डेंगू पर काबू किया जा सके। कहा कि अपने घरों की सफाई रखें, कहीं भी पानी एकत्र न होने दें, ताकि डेंगू का लार्वा उत्पन्न न हो सके।

बुधवार को जिलाधिकारी ने डेंगू प्रभावित क्षेत्र तुलसी नगर और कालूकुआं के लोंगो से वार्ता करते हुए उनको जागरूक किया कि अपने-अपने घरों में साफ-सफाई रखें, पानी को एकत्र न होने दें तथा पानी की टंकी, कूलर, गमलों, छत आदि पर पानी कहीं जमां न होने पाये, जिससे कि एन्टीलार्वा उत्पन्न न हो और डेंगू से बचाव हो सके। उन्होंने कहा कि पेयजल को ढककर सुरक्षित रखें तथा डेंगू से बचाव हेतु आवश्यक उपायों को अपनायें। उन्होंने क्षेत्र के लोंगो से प्रतिदिन होने वाली फाॅगिंग एवं सर्वे टीमों के निरीक्षण के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त करते हुए जिला मलेरिया अधिकारी को निर्देशित किया कि प्रभावित क्षेत्रों के प्रत्येक घर में जाकर सर्वे करें, कोई भी घर सर्वे में छूटने न पाये। 

जिलाधिकारी ने कहा कि सर्वे टीम में एक महिला कर्मचारी को अवश्य रखें। उन्होंने निर्देश दिया कि यदि जिन लोंगो के द्वारा घरों में पानी एकत्र कर स्टोर करते हैं, इससे विभिन्न प्रकार की बीमारियां फैलती हैं। उन लोंगो को जागरूक कर टंकियो की साफ-सफाई एवं पानी को ढककर रखने तथा एन्टीलार्वा न उत्पन्न होने पाये। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी अनिल श्रीवास्तव, ईओ नगर पालिका बुद्धि प्रकाश सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम उपस्थित रही।

संबंधित समाचार