हरदोई: सीमेंट से लदे ट्रैक्टर से कुचल कर हुई युवक की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हरदोई, अमृत विचार। शहर में सर्कुलर रोड पर हादसा होने से वहां हा-हा-कार मच गया। कन्हई पुरवा के पास अमृत योजना के तहत खोदी गई खाईं में स्कूटी फंस जाने से उस पर सवार युवक गिर पड़ा। तभी तेज़ रफ्तार में आ रहे सीमेंट लदे ट्रैक्टर ने उसे कुचल दिया। जिससे युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे से गुस्साए लोगों ने सड़क पर जाम लगा दी। इसका पता होते ही सिटी मजिस्ट्रेट सदानंद गुप्ता और सीओ सिटी विनोद कुमार द्विवेदी मौके पर पहुंचे और गुस्साए लोगों की भीड़ को किसी तरह समझाया।

बताया गया है कि कोतवाली शहर के कन्हई पुरवा निवासी रामविलास का 22 वर्षीय पुत्र अमित राठौर शादी-बारात में खाना बनाने का काम करता था। बुधवार की शाम को किसी काम से स्कूटी से कहीं गया हुआ था। वहीं से वापस लौटा और अपने मकान से कुछ ही दूरी पर था। इसी बीच सर्कुलर रोड के किनारे अमृत योजना के तहत खोदी गई खाईं में उसकी स्कूटी का पहिया फंसने से वह लड़खड़ा कर जैसे ही गिरा,तभी पीछे से तेज़ रफ्तार में सीमेंट लादकर आ रहा ट्रैक्टर-ट्राली ने उसे टक्कर मारते हुए कुचल दिया। इस हादसे में अमित की वहीं पर दर्दनाक मौत हो गई।

हादसा होते ही ट्रैक्टर ड्राइवर वहां से भाग गया। इस तरह हुए दर्दनाक हादसे से गुस्साए लोगों ने वहां जाम लगा दिया। इसका पता होते ही सीओ मजिस्ट्रेट सदानंद गुप्ता व सीओ सिटी विनोद कुमार द्विवेदी के अलावा एसएचओ कोतवाली शहर संजय पाण्डेय व राधानगर,सदर घर गल्ला मण्डी पुलिस चौकी प्रभारी वहां पहुंचे। पुलिस टीम ने किसी तरह वहां इकट्ठा भीड़ को समझाया-बुझाया और कार्रवाई का भरोसा देकर जाम खुलवाया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को अपने कब्ज़े में लेते हुए हादसे की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।

संबंधित समाचार