विधानसभा उपचुनाव: भाजपा प्रत्याशी का नामांकन कराने को रामपुर पहुंचे कई मंत्री
रामपुर में घनश्याम सिंह लोधी ने ढहाया सपा का गढ़, अब विधानसभा उप चुनाव में जीत की है तैयारी
रामपुर, अमृत विचार। भाजपा प्रत्याशी का नामांकन पत्र दाखिल कराने के लिए गुरुवार की सुबह कई मंत्री रामपुर पहुंच गए। सूबे के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि रामपुर में सपा का गढ़ सांसद घनश्याम सिंह ने ढहाया है। कहा कि रामपुर की जनता चाहती है कि कानून का पालन हो और विकास का पहिया तेजी से घूमे। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि इससे पहले लोकसभा उप चुनाव में भाजपा ने विजय पताका फहराई इस बार शहर विधानसभा सीट पर हो रहे उप चुनाव में जीत दर्ज करेंगे।
गुरुवार को पूर्वाह्न करीब 12:10 बजे भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना ने अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। उनके साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी रहे।इससे पहले हाइवे स्थित एक होटल में प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि प्रदेश सरकार में आदित्यनाथ योगी के नेतृत्व में रामपुर में विकास का पहिया तेजी से घूम रहा है। रामपुर का सपा गढ़ माना जाता था इस गढ़ को सांसद घनश्याम लोधी ने ध्वस्त कर दिया। पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि रामपुर के समावेशी विकास के लिए भाजपा कार्य कर रही है।
इसका प्रभाव समाज के सभी वर्गो पर साफ तौर से देखने को मिल रहा है। इससे पहले लोकसभा उपचुनाव में भाजपा ने अपनी विजय पताका फहराई। अब विधानसभा उपचुनाव में जीत दर्ज करने की तैयारी है। कहा कि सियासत की पिच पर नो बॉल की बेवकूफी और हिट विकेट की बदहवासी हमेशा व्यक्ति को मैदान से बाहर कर देती है। इस मौके पर सांसद घनश्याम सिंह लोधी, प्रदेश के राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख,पूर्व मंत्री शिव बहादुर सक्सेना, विकास सक्सेना, जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी, कपिल आर्य, श्रीष गुप्ता, राजीव मांगलिक समेत तमाम भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें:- मुरदाबाद : आर्यन-आद्या ने स्वर्ण जीत कर बढ़ाया मान
