बांदा: खटान परियोजना तैयार, सबसे बड़ी ग्रामीण पेयजल परियोजना वाले राज्यों में शुमार होगा यूपी 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

617 गांव के 10,88, 835 से ज्यादा लोगों की बुझेगी प्यास

बांदा, अमृत विचार। खटान पेयजल परियोजना बुंदेलखंड के इस जनपद में प्रदेश की सबसे बड़ी ग्रामीण पेयजल योजनाओं में शुमार होने जा रही, जिसकी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी है। प्रमुख सचिव नमामि गंगे, ग्रामीण जलापूर्ति विभाग व जल निगम के एमडी ने इन दोनों परियोजनाओं का निरीक्षण किया और कार्य को तेज गति से पूरा करने के निर्देश दिये। 

महर्षि वामदेव की तपोभूमि को योगी सरकार अब तक का सबसे बड़ा तोहफा देने जा रही है। इस भूमि पर रहने वाले जन-जन को नल से जल पहुंचाने की तैयारी अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। इस योजना से कई गांवों में पेयजल आपूर्ति का ट्रायल रन भी शुरू कर दिया गया है। सरकार की हरी झण्डी मिलते ही सभी गांवों में पानी की आपूर्ति निर्बाध रूप से शुरू कर दी जाएगी। वहीं, अमलीकौर पेयजल परियोजना का भी 90 फीसद से अधिक काम पूरा हो गया है। 10 प्रतिशत फिनिशिंग का कार्य कराया जा रहा है। 

गुरुवार को प्रमुख सचिव नमामि गंगे, ग्रामीण जलापूर्ति विभाग अनुराग श्रीवास्तव और जल निगम के एमडी डॉ.बलकार सिंह ने इन दोनों परियोजनाओं का निरीक्षण किया और कार्य को तेज गति से पूरा करने के निर्देश दिये। उन्होंने परियोजनाओं के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के साथ ही इंटेकवेल को भी देखा। आपूर्ति  से पहले की जो भी तैयारी है उसे जल्द पूरा करने के निर्देश दिये, ताकि दिसम्बर से गांवों में जलापूर्ति शुरू हो सके। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी दीपा रंजन भी मौजूद रहीं। 

अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे ने बताया कि जल जीवन मिशन की खटान व अमलीकौर पेयजल परियोजनाओं से 617 गांव में रहने वाले 10 लाख 88 हजार 835 से अधिक लोगों की प्यास बुझेगी। जल जीवन मिशन की योजना से जनपद में 2 लाख 17 हजार 767 परिवारों को नल कनेक्शन दिये जाने हैं। लक्ष्य को पूरा करने में जुटे अधिकारी 38 हजार 996 से अधिक परिवारों को नल कनेक्शन दे चुके हैं।

संबंधित समाचार