संभल : बोलेरो में सवार खेल शिक्षक ने कार में मारी टक्कर, कोतवाली में किया हंगामा  

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पुलिस ने शिक्षक का मेडिकल कराकर शांति भंग की आशंका में की कार्रवाई 

चन्दौसी (संभल),अमृत विचार। शहर के एक महाविद्यालय के खेल शिक्षक ने बोलेरो से संभल तिराहे पर एक कार में पीछे से टक्कर मार दी। बाद में कोतवाली में जमकर हंगामा किया। वहां काफी देर तक हाई बोल्टेज ड्रामा चला। इसके बाद पुलिस ने उसका सरकारी अस्पताल में मेडिकल कराया और शांति भंग की आशंका में कार्रवाई की।

बुधवार रात करीब 11 बजे शहर के एक प्रतिष्ठित महाविद्यालय में तैनात खेल शिक्षक अपनी बोलेरो कार से बहजोई की ओर जा रहा था। नशे में धुत्त शिक्षक जब संभल तिराहे पर पहुंचा तो उसने सामने जा रही एक कार में पीछे से टक्कर मार दी। गनीमत यह रही कि कार में सवार किसी भी युवक को चोट नहीं लगी, लेकिन कार  क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर लगने के बाद युवक कार से उतर आए। उन्होंने दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी।

पुलिस मौके पर पहुंची और शिक्षक को पकड़कर कोतवाली ले आई। जहां शिक्षक ने जमकर हंगामा किया। काफी देर तक  ड्रामा चलता रहा। पीड़ित युवकों ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने शिक्षक को मेडिकल के लिए भेजा लेकिन शिक्षक व पुलिस कर्मी काफी देर तक संयुक्त चिकित्सालय नहीं पहुंचे। इस पर  युवकों ने कोतवाली में हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद शिक्षक व पुलिस कर्मी अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में भी इस शिक्षक ने हंगामा किया।

ये भी पढ़ें :  संभल : आत्महत्या करने रेलवे ट्रैक पर पहुंची महिला, लोको पायलट ने मालगाड़ी रोक कर बचाई जान 

संबंधित समाचार