बहराइच: घर के अंदर मृत मिला नेत्रहीन, बदबू आने पर हुई जानकारी
अमृत विचार, विशेश्वरगंज/ बहराइच। जिले के कंछर ग्राम पंचायत के मजरा बरई पुरवा गांव निवासी नेत्रहीन युवक अपने घर में मृत मिला। गुरुवार को लोग घर के निकट से निकल रहे थे। सड़ांध आने पर लोगों ने देखा तो युवक मृत पड़ा था। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कंछर के मजरा बरई पुरवा गांव निवासी घनश्याम (32) पुत्र मंगनू जन्म से नेत्रहीन है। वह मकान में अकेले रहता था। उसके पास घर के अलावा अन्य जमीन गांव के लोग बता रहे हैं। गुरुवार को गांव निवासी रक्षाराम समेत अन्य लोग सूरदास के घर की तरफ से निकल रहे थे। तभी घनश्याम के घर के अंदर से सड़ांध आई। जिस पर अंदर देखा तो वह मृत अवस्था में पड़ा था। इस पर सभी ने पुलिस को सूचना दी। प्रभारी थानाध्यक्ष आरपी सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घर से शव बाहर निकलवाया। इसके बाद पोस्ट मार्टम के लिए भेजा। थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्यवाई की जायेगी।
