कांग्रेस ने स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान किया, केवल एक ही परिवार का गुणगान किया: सीएम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अहमदाबाद। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए शुक्रवार को कहा कि हजारों लोगों ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान अपने प्राणों की आहुति दी, लेकिन विपक्षी दल ने केवल एक परिवार के योगदान पर प्रकाश डाला। वह यहां से 380 किलोमीटर दूर मांडवी कस्बे में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार अनिरुद्ध दवे के लिए एक रैली को संबोधित कर रहे थे।

यह भी पढ़ें- रेलवे पुल विस्फोट घटना में मुख्य आरोपी को पकड़ने वाली टीम होगी सम्मानित

गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण में एक दिसंबर को मांडवी विधानसभा सीट के लिए मतदान होगा। चौहान ने कहा, ‘‘हजारों स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान के बाद भारत स्वतंत्र हुआ। लेकिन कांग्रेस ने उनके बलिदान को कभी नहीं मान्यता दी और लोगों को बताया कि केवल एक परिवार ने ही भारत को आजादी दिलाने में मदद की।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कल राहुल गांधी ने स्वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर का अपमान किया था। लोगों का अपमान करना उनका स्वभाव है। कांग्रेस नेताओं ने देश का, हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनकी मां का भी अपमान किया था। इस तरह के अपमान के लिए यह देश कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेगा।’’

चौहान ने मोदी को देश के लिए ‘‘ईश्वर का आशीर्वाद’’ और ‘कल्पवृक्ष’ बताते हुए राहुल गांधी को ‘बबूल का पेड़’ (कांटेदार बबूल) और आम आदमी पार्टी के अरविंद केजरीवाल को ‘खरपतवार’ करार दिया। भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा, ‘‘अयोध्या में राम मंदिर निर्माण पर आपत्ति जताने वाले केजरीवाल अब नोटों पर भगवान गणेश और देवी लक्ष्मी की तस्वीरें छापने की वकालत कर रहे हैं।

केजरीवाल के वादे कुछ और नहीं, बल्कि झूठ हैं। अगर उन्हें कोई और मुद्दा नहीं मिला तो वे जातिवाद फैलाएंगे।’’ उन्होंने कहा कि केजरीवाल ईमानदारी की बात करते हैं, लेकिन उनका एक मंत्री (दिल्ली में) जेल में है, जबकि दूसरा किसी भी समय ‘‘अंदर’’ (जेल में) जा सकता है। गुजरात विधानसभा की 182 सीट के लिए दो चरणों में एक और पांच दिसंबर को चुनाव होंगे, जबकि मतगणना आठ दिसंबर को होगी।

यह भी पढ़ें- डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने छोड़ा नेशनल कांफ्रेंस अध्यक्ष पद, दिसंबर में होगा नये प्रमुख का चुनाव

संबंधित समाचार