बांदा : डंपर ने साइकिल सवार ताई-भतीजे को रौंदा, ग्रामीणों ने लगाया जाम
अमृत विचार, बांदा। तेज रफ्तार डंपर ने साइकिल पर सवार ताई और भतीजे को रौंद दिया, जिससे दोनों की मौके पर मौत हो गई। दुर्घटना के बाद भाग रहे ट्रक चालक को ग्रामीणों ने दबोच लिया। जमकर धुनाई के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक में तोड़फोड़ की और मुआवजे की मांग को लेकर जाम लगा दिया। सूचना पाकर एसपी समेत उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बमुश्किल जाम खोला। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मवई गांव निवासी दिनेश उर्फ बबलू (28) शुक्रवार की शाम अपनी बड़ी मां बादी (55) पत्नी रामबहोरी को साइकिल में बैठाकर बांदा ठेकेदार के यहां मजदूरी का रुपया लेने आ रहे थे। जैसे ही दोनो लोग मवई बाईपास चौराहे पर पहुंचे ही थे कि सामने से आ रहे डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनो लोग ट्रक के पहिये के नीचे आकर कुचल गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना करके भाग रहे ट्रक चालक को आसपास के लोगों ने दबोच लिया। उसकी जमकर धुनाई की। इसके बाद पुलिस को सौंप दिया। सूचना पाकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। इतना ही नहीं डंपर में तोड़फोड़ भी की। जाम करीब दो घंटे तक लगा रहा। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण नहीं माने।
सूचना पाकर एसपी अभिनंदन, सीओ सिटी अंबुजा त्रिवेदी, एसडीएम सदर, सिटी मजिस्ट्रेट समेत उच्चाधिकारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों को सहायता दिलाए जाने का आश्वासन दिया। तब जाकर ग्रामीणों ने जाम खोला। इस दौरान दोनो तरफ वाहनों की लंबी लाइन लगी रही।
मृतक के भाई ने बताया कि दिनेश मजदूरी करता था। वह चार भाइयों में दूसरे नंबर का था। वह अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गया है। उधर बड़ी मां बादी के दो पुत्र हैं। दोनो लोग मजदूरी करते थे। मजदूरी का रुपया लेने ठेकेदार के यहां बांदा जा रहे थे। तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।
