बहराइच: अस्पताल में हंगामे में नया मोड़, डॉक्टर की तहरीर पर 42 के खिलाफ मुकदमा
बलवा फैलाने समेत अन्य धाराओं में दर्ज हुआ केस
अमृत विचार, बहराइच। शहर के जिला अस्पताल के निकट स्थित हिंदुस्तान चाइल्ड हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मासूम के मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। अस्पताल के प्रबंधक की तहरीर पर दो नामजद और 40 अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। सभी धाराएं गैर जमानतीय है। ऐसे में कोतवाली नगर पुलिस भी सवालों के घेरे में आ गई है।
जिले के कोतवाली नगर की पुलिस ने हिन्दुस्तान चाइल्ड हॉस्पिटल में इलाज के दौरान दम तोड़ने वाले मासूम के मामले में नया मोड़ ला दिया है। दो दिन पूर्व दरगाह क्षेत्र निवासी रेहान की तहरीर पर पुलिस ने डॉक्टर गयास समेत चार लोगों पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। लेकिन पीड़ितों को किस तरह काबू में किया जाए। इसके लिए प्राइवेट अस्पताल के डॉक्टर ने रास्ता निकाल दिया है। हिंदुस्तान हॉस्पिटल के प्रबंधक की तहरीर पर पुलिस ने मृतक मासूम के पिता रेहान, समीर को नामजद करते हुए 40 अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही पुलिस ने मारपीट करने, बलवा फैलाने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा लिखा है। इसका मुख्य मकसद कोई कार्यवाई न हो। कोतवाल शैलेश सिंह ने बताया कि डॉक्टर की तहरीर पर 42 लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।
अब न्याय की उम्मीद हुई धूमिल
हिंदुस्तान हॉस्पिटल में इलाज कराने के लिए आने वाले तीमारदारों से जमकर लूट होती है। दो दिन पूर्व रेहान समेत अन्य लोगों ने विरोध किया तो उनके विरुद्ध ही मुकदमा लिख दिया गया। ऐसे में अब न्याय की उम्मीद धूमिल दिख रही है। पुलिस दोनों तरफ से वाहवाही लेने में लग गई।
