Weather Update Kanpur : नवंबर में सबसे ठंडा रहा शुक्रवार का दिन, न्यूनतम तापमान पहुंचा 10 डिग्री सेल्सियस के करीब
Weather Update Kanpur नवंबर माह में सबसे ठंडा शुक्रवार का दिन रहा है। पहली बार न्यूनतम तापमान दस के करीब पहुंचा है। वहीं, अधिकतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस लुढ़क गया है।
कानपुर, अमृत विचार। Weather Update Kanpur नवंबर महीने में शुक्रवार सबसे ठंडा रहा है। पहली बार 18 नवंबर को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचा तो वहीं अधिकतम तापमान भी 25.0 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। इससे ठंड बढ़ गई और लोगों को स्वेटर का सहारा लेना पड़ा। चिकित्सकों की राय है कि मौसम के इस बदलाव को गंभीरता से लें, जरा सी लापरवाही सेहत के लिए नुकसान साबित हो सकती है।
सीएसए युनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार नवंबर महीने की शुरुआत में न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस तक रहता था। वहीं अधिकतम तापमान भी 30 से नीचे नहीं आता था। 16 नवंबर तक 29 से 31 के बीच अधिकत तापमान तो वहीं न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की कमी देखी जाती रही।
पश्चिमी हवाएं चलने के बाद शीत लहर का अहसास भी होना शुरू हो गया। पिछले कुछ दिनों से दिन में धूप और गुनगुनी हो गई और हवा में ठंडक ज्यादा महसूस की जाने लगी। गुरुवार को न्यूनतम तापमान में हल्की कमी देखी गई, जबकि 26.8 डिग्री सेल्सियस पर अधिकतम तापमान पहुंच गया था। शुक्रवार को न्यूनतम और अधिकतम तापमान में काफी गिरावट रही। मौसम विज्ञानी के अनुसार न्यूनतम तापमान 10.8 और अधिकत तापमान 25.0 रहने से ठंड बढ़ गई है।
कब न्यूनतम अधिकतम
7 नवंबर 16.4 30.6
8 नवंबर 16.0 30.0
9 नवंबर 16.6 30.0
10 नवंबर 16.6 29.0
11 नवंबर 15.8 29.2
12 नवंबर 14.4 29.0
13 नवंबर 14.6 29.0
14 नवंबर 13.3 28.2
15 नवंबर 12.7 29.5
16 नवंबर 12.6 29.2
17 नवंबर 12.6 26.8
18 नवंबर 10.8 25.0
