अयोध्या: मिल्कीपुर सीएचसी खुद बीमार, नदारद रहते हैं कर्मी, कार्यालय में लटक रहा ताला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, मिल्कीपुर, अयोध्या। मिल्कीपुर का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खुद बीमार है। अधीक्षक सहित अन्य जिम्मेदार कर्मी अक्सर अस्पताल से नदारद रहते हैं। दलालों का जमावड़ा लगा रहता है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी अयोध्या द्वारा एमसीटीएस आपरेटरों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पोर्टल पर कार्य करने के लिए तैनात किया था।

8 मार्च 2022 को सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के अधीक्षकों को पत्र भेजकर उन्हें निर्देशित किया था कि केंद्र के अधीन होने वाले समस्त संस्थागत जन्म एवं मृत्यु को 21 दिन के भीतर ससमय सीआरएम पोर्टल पर पंजीकृत करके एमसीटीएस आपरेटर द्वारा लाभार्थियों को प्रमाण पत्र निर्गत किया जाए, लेकिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक एवं स्वास्थ्य पर्यवेक्षक के पद पर तैनात डीपी यादव की मनमानी के चलते यहां एमसीटीएस आपरेटरों द्वारा जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्रों को न बनवा कर स्वयं बनाया जा रहा है।

स्वास्थ्य पर्यवेक्षक डीपी यादव के अवकाश पर होने से विगत एक महीने से कार्यालय में ताला लटक रहा है जबकि कार्यालय में लिपिक के पद पर एसबी त्रिपाठी की तैनाती की गई है लेकिन वह आज तक कभी कार्यालय पर नहीं आए हैं। आशा बहू तथा स्थानीय लोगों ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि केंद्र के अधीक्षक अहमद ए हसन किदवई की मिलीभगत से लिपिक का प्रतिमाह का वेतन निकाला जा रहा है। अस्पताल में दवाओं का टोटा है। केंद्र के अधीक्षक अहमद ए हसन किदवई से फोन पर उक्त की जानकारी लेना चाहा तो उनके द्वारा फोन रिसीव नहीं किया गया।

संबंधित समाचार