लखनऊ: विश्व धरोहर सप्ताह पर छायाचित्र प्रदर्शनी और चित्रकला प्रतियोगिता का हुआ आयोजन
लखनऊ, अमृत विचार। विश्व धरोहर सप्ताह के अवसर पर आज शनिवार को राजधानी लखनऊ के कैसरबाग स्थित छतर मंजिल परिसर में उत्तर प्रदेश पुरातत्व विभाग ने हमारी धरोहर – हमारी गौरव विषय पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी और चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया। इस आयोजन का शुभारंभ लखनऊ की महापौर संयुक्ता भाटिया और मशहूर साहित्यकार पद्मश्री विद्या बिंदु सिंह ने दीप प्रज्जवलन कर किया। बता दें कि यह कार्यक्रम आज 19 नवंबर से 25 नवंबर तक चलेगा। वहीं इस कार्यक्रम के माध्यम से छात्र छात्राओं को लखनऊ में स्थित ऐतिहासिक एवं पुरातात्त्विक स्मारकों और स्थलों पर विजिट कराया जाएगा।
इस प्रदर्शनी में यूनेस्को द्वारा विश्व धरोहर में सम्मिलित भारत के 40 सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक स्मारकों और स्थलों के छायाचित्रों के साथ उत्तर प्रदेश की ऐतिहासिक एवं पुरातात्त्विक स्मारकों और स्थलों के छायाचित्रों को प्रदर्शित किया गया। इस दौरान इस कार्यक्रम में हमारी धरोहर – हमारी गौरव विषय पर आधारित पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। चित्रकला प्रतियोगिता में नारी शिक्षा निकेतन पी.जी. कालेज, नवयुग महिला पी.जी. कालेज, अटल बिहारी वाजपेयी नगर निगम डिग्री कालेज, ए.पी. सेन मेमोरियल कालेज एवं कालीचरण पी.जी. कालेज के छात्र एवं छात्राओं ने प्रतिभाग किया। जिसमें प्रथम पुरस्कार आंचल पांडेय, द्वितीय पुरस्कार प्रिया गुप्ता और तृतीय पुरस्कार प्रियांशी गुप्ता ने हासिल किया। इसके अलावा अर्चना सोना और शिल्पी चौहान को सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं अन्य प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र वितरित किये गये।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लखनऊ की महापौर संयुक्ता भाटिया ने कहा कि विश्व धरोहर सप्ताह मनाने का मुख्य उद्देश्य देश की सांस्कृतिक धरोहरों और स्मारकों के संरक्षण और सुरक्षा के बारे में लोगों को प्रोत्साहित करना और जागरूकता बढ़ाना है। उन्होने बताया कि प्राचीन भारतीय संस्कृति और परंपरा को जानने के लिए ये बहुत आवश्यक है कि अमूल्य विविध सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक स्मारकों की रक्षा की जाए और उन्हें संरक्षित किया जाए। वहीं उत्तर प्रदेश पुरातत्व विभाग की निदेशक रेनू द्विवेदी ने बताया कि प्रत्येक भारतीय नागरिक को अपने देश की विरासत स्थलों पर गर्व होना चाहिए तथा उनके संरक्षण के लिए आगे बढ़ना चाहिए।
बता दें कि इस कार्यक्रम में लखनऊ के नारी शिक्षा निकेतन पी.जी. कालेज, नवयुग महिला पी.जी. कालेज, अटल बिहारी वाजपेयी नगर निगम डिग्री कालेज, ए.पी. सेन मेमोरियल कालेज एवं कालीचरण पी.जी. कालेज के शिक्षकों के साथ ही विभागीय अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
