बांदा: धूमधाम से निकली श्रीकृष्ण-रुकमणी की बारात, झूमकर नाचे श्रद्धालु
बांदा, अमृत विचार। शहर में इन दिनों भागवत कथा और श्रीराम कथा के आयोजनों की धूम चल रही है। जगह जगह कथा के भव्य पंडाल सजे हैं और भगवान की कथा सुनने वालों की भीड़ उमड़ रही है। इसीक्रम में शहर के बाकरगंज चौराहा स्थित बुंदेलखंड टीवी सेंटर में चल रही श्रीमद् भागवत कथा के छठवें दिन कथा वाचक विष्णु गोस्वामी ने भगवान श्रीकृष्ण-रुकमणि विवाह की लीला की कथा सुनाई।
कथा आयोजकों ने धूमधाम से भगवान की बारात निकालकर खुशियां मनाईं। बारात में शामिल महिला-पुरुष भक्तों ने ढोल नगाड़ों की धुन पर जमकर ठुमके लगाए। रामलीला मैदान रोड पर डिस्ट्रिक इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष डा.मनोज कुमार शिवहरे और राजाराम शिक्षा सेवा समित के प्रबंधक डा.प्रमोद कुमार शिवहरे ने बारात का जोरदार स्वागत किया और भगवान की बारात में शामिल सभी श्रद्धालुओं को पगड़ी बांधकर सम्मानित किया।
झूमते नाचते बाराती कथा स्थल से चलकर शहर के महेश्वरी देवी मंदिर, चौक बाजार, कोतवाली रोड, बलखंडीनाका, पद्माकर चौराहा आदि से होते हुए वापस कथा स्थल पर पहुंचे। जहां धूमधाम से देवी रुकमणि और भगवान श्रीकृष्ण का विवाह संपन्न कराया गया। इस मौके पर कथा यजमान मुन्नू लाल गुप्ता,राजदुलारी गुप्ता,संजय गुप्ता,शरद गुप्ता,कीर्ति गुप्ता, रीता ओमर,दिनेश दीक्षित,अमित सेठ भोलू,रजोल मिश्रा,ओमनारायण त्रिपाठी, प्रियांशु गुप्ता,जन्मेजय सिंह,संजय निगम,आशुतोष दीक्षित,अंकित बासू , पंकज त्रिपाठी समेत तमाम श्रद्धालु शामिल रहे।
