लखनऊ : विद्युत मजदूर संगठन का 73वां वार्षिक सम्मेलन संपन्न, सरकार को सौंपा 12 सूत्रीय मांग पत्र
अमृत विचार, लखनऊ। राजधानी के डालीबाग स्थित गन्ना संस्थान में शनिवार को विद्युत मजदूर संगठन और विद्युत संविदा मजदूर संगठन का 73वां वार्षिक सम्मेलन आयोजित किया गया। संगठन का 73वां सम्मेलन पूर्व विधायक शशि शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
सुबह से चल रहे इस सम्मेलन के दौरान विद्युत मजदूर संगठन और विद्युत संविदा मजदूर संगठन के 12 प्रतिनिधि अपनी मांगों को लेकर शक्ति भवन पहुंचे। जहां उन्होंने सम्मेलन में सर्वसम्मति से पारित 12 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रबंधन को ज्ञापन सौंपा।
इसके अलावा विद्युत मजदूर संगठन और विद्युत संविदा मजदूर संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि अगर उनकी मांगों को लेकर सरकार और प्रबंधन द्वारा 27 नवम्बर तक समाधान नहीं निकाला गया तो 28 नवम्बर से अनिश्चितकालीन प्रदेश व्यापी कार्य बहिष्कार करेंगे।
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि उनकी प्रमुख मांगें साल 2000 से पुरानी पेंशन की बहाली,नियुक्ति ग्रेड पे 3000 रुपये,6600 रुपये तृतीय टाईम स्केल, टीजी2 को प्रथम टाईम स्केल जूनियर इंजीनियर का पद देना, संविदा श्रमिक को 22 हज़ार और लाईन मैन एसएसओ को 25 हज़ार वेतन, दुर्घटना पर 25 लाख मुआवज़ा, 5 वर्ष के अनुभव पर संविदा कर्मियों को नियमित पदों पर समायोजित करना समेत कुल 12 मांगें हैं जो सरकार और प्रबंधन को भेज दी गई है।
इसके अलावा सम्मेलन में गंगाधर त्रिपाठी,बिमल चन्द्र पान्डे,पुनीत राय,शैलेंद्र कुमार,सैयद शोएब हसन,अजय शाही,अजय भट्टाचार्य,आर पी गुप्ता,इन्द्रेश राय,वेदप्रकाश राय समेत कई प्रमुख मज़दूर नेता मौजूद रहे।
