चित्रकूट: निकाय चुनाव में उपस्थिति दर्ज कराने को बेताब आप, कार्यकर्ता सम्मेलन कर उजागर करेगी भ्रष्टाचार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चित्रकूट। आम आदमी पार्टी इस बार निकाय चुनाव में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। अन्य पार्टियों ने जहां अपने उम्मीदवार तक अभी घोषित नहीं किए हैं वहीं आप ने नगर पालिका कर्वी और कुछ नगर पंचायतों के लिए संभावित प्रत्याशियों के नाम तक बता दिए हैं। अब पार्टी ने 30 नवंबर तक कार्यकर्ता सम्मेलन की रणनीति बनाई है। पार्टी का मकसद है कि नगर पालिका और नगर पंचायतों में कथित रूप से हुए भ्रष्टाचार को उजागर करके लोगों को अपने पक्ष में किया जाए।

जिलाध्यक्ष संतोषी लाल शुक्ला दावा करते हैं कि पार्टी के गंदगी हटाओ झाड़ू चलाओ अभियान को जिले में लोगों का अच्छा खासा समर्थन मिला है। उन्होंने बताया कि अब यूपी प्रभारी सांसद संजय सिंह के निर्देशानुसार पार्टी प्रदेश के सभी नगर निगम, नगर पंचायत व नगर पालिका के क्षेत्रों में कार्यकर्ता सम्मेलन करे।

इसके माध्यम से पार्टी पदाधिकारी निकायों में व्याप्त भ्रष्टाचार जनता को बताएंगे और निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी को एक बार मौका देने की अपील करेंगे। जिला निकाय चुनाव प्रभारी अंकित सिंह ने  बताया कि पार्टी 30 नवंबर तक पूरे प्रदेश में 800 कार्यकर्ता सम्मेलन करेगी। इसके लिए प्रदेश के 77 पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान नए लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाई जाएगी।

आवेदन पत्रों का वितरण किया जाएगा और संभावित प्रत्याशियों के लिए क्षेत्रीय सर्वे कराकर नामों पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस क्रम में 27 को मऊ,  28 को मानिकपुर,  29 को राजापुर और  30 को कर्वी नगर पालिका में कार्यकर्ता सम्मेलन होंगे। जिलाध्यक्ष ने बताया कि सभी प्रांतों के अध्यक्ष, प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी कार्यकर्ता सम्मेलनों को संबोधित करेंगे।

संबंधित समाचार