लखनऊ : बीकेटी में नहर किनारे झाड़ियों में मिला युवक का शव, हत्या की आंशका
अमृत विचार, लखनऊ। बीकेटी थानाक्षेत्र अन्तर्गत आउटर रिंग रोड पर रविवार की दोपहर नहर किनारे झाड़ियों से पुलिस ने एक युवक के शव को बरामद किया है। मृतक के मुंह से खून निकल रहा था और पूरे शरीर में मिट्टी लगी हुई थी। उसकी शिनाख्त कस्बे के अस्ती रोड निवासी अनुराग के रूप में की गई। मृतक के परिजनों ने हत्या की आंशका जताते हुए बीकेटी कोतवाली में तहरीर दी। फिलहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस की मानें तो, बीकेटी थानाक्षेत्र अन्तर्गत अस्ती रोड निवासी विजय कुमार का बेटा अनुराग (25) बेंगलूर में सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रहा था। बीते 13 नवम्बर को वह बेंगलूर से लखनऊ आया था। शनिवार की दोपहर वह घर से बाइक लेकर निकला था, लेकिन देर रात तक वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उससे सम्पर्क करने की कोशिश, मगर अनुराग का मोबाइल बंद जाने लगा।
इसके बाद परिजन खोजबीन करने लगे। बावजूद इसके अनुराग का कोई सुराग नहीं लगा। इसी बीच परिजनों को एक शव मिलने की जानकारी हुई। तब परिजनों ने शिनाख्त की। मृतक के पिता विजय ने हत्या की आंशका जताई है। विजय के परिवार में बेटे अलावा एक बेटी है। उन्होंने बताया कि उनके बेटे ने लखनऊ विश्वविद्यालय से एलएलबी पास किया था। एक साल पहले वह बेंगलूर गया था।
बताया कि 18 नवम्बर को अनुराग का जन्मदिन था। जन्मदिन पर उसे घर बुलाया गया था। शुक्रवार को बेटे के साथ जन्मदिन मनाया गया था। उस वक्त परिवार में हंसी-खुशी का माहौल था। अब बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ गिर पड़ा है।
