लखनऊ : 14वीं नेशनल कुंगफू चैम्पियनशिप का आगाज
अमृत विचार, लखनऊ। इंडियन कुंगफू एसोसिएशन के अंतर्गत रविवार को राजधानी लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में उत्तर प्रदेश कुंगफू एसोसिएशन ने14वीं नेशनल कुंगफू चैंपियनशिप का आयोजन किया। इस तीन दिवसीय चैंपियनशिप में कुल 16 राज्यों से 400 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया है। जिसमें बालक,बालिका,पुरुष और महिला खिलाड़ी शामिल है। 14वीं नेशनल कुंगफू चैंपियनशिप का शुभारंभ दयाल ग्रुप के सीएमडी राजेश सिंह और देश के विख्यात हॉकी ओलंपियन के डी सिंह बाबू के बेटे विश्व विजय सिंह ने दीप प्रज्वलन कर किया।
वहीं इस अवसर पर विश्व विजय सिंह जी ने विजेता टीम को 1 लाख रुपए देने की घोषणा भी की। बता दें कि इस प्रतियोगिता में मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, बिहार, राजस्थान, कर्नाटक, केरला, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश राज्य से 400 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया है। इस दौरान आज प्रतियोगिता के पहले दिन सब जूनियर और जूनियर वर्ग के अलग-अलग भार वर्गों की प्रतियोगिता फाइट के कई मुकाबले खेले गए।
चैम्पियनशिप के जज और ऑर्गनाइजिंग मेंबर अंशुल गौरव ने बताया कि इस बार प्रतियोगिता में इंडो नेशन प्रोसेस रखा गया है। इंडो नेशन प्रोसेस के तहत चैंपियनशिप की हेड जजिंग नेपाल बॉडी के लोग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इंडो नेशन प्रॉसेस चैंपियनशिप को बृहद रूप देने के लिए किया गया है और कुंगफू को नए मुकाम तक पहुंचाने के लिए नेपाल और कई देशों का साथ होना बहुत जरूरी है। इसके अलावा उन्होंने बताया कि 22 नवंबर को चैंपियनशिप के समापन के दिन तेलेगु मेगा स्टार सुमन तलवार उपस्थित होंगे और उन्हीं के कर कमलों द्वारा समापन किया जाएगा।
