दबंगई: जहां हो रहा रोड का चौड़ीकरण वहीं लगा रहे खम्बा व ट्रांसफार्मर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या, अमृत विचार। सड़क चौड़ीकरण को लेकर एक ओर जहां प्रशासन तमाम कवायद में जुटा है वहीं बिजली विभाग उसी रोड पर खम्भे गाड़ ट्रांसफार्मर लगाने की तैयारी कर रहा है। लोक निर्माण विभाग की भूमि पर अवैध व अनाधिकृत रुप से लगाए जा रहे खम्भे और ट्रांसफार्मर को लेकर शिकायत की गई तो धमकी अलग से मिली। मामला देवकाली से अम्बेडकरनगर फोरलेन चौड़ीकरण के तहत शक्ति नगर कालोनी देवकाली का है।

यह हाल तब है जब लोक निर्माण विभाग ने सड़क के दोनों ओर चिह्नीकरण करके ध्वस्तीकरण भी शुरू कर दिया है।  इस संबंध में अधिवक्ता अक्षय अग्रवाल की ओर से डीएम को पत्र भेज शिकायत की गई तो खम्भा व ट्रांसफार्मर लगवाने वालों ने धमकी दी कि ज्यादा सरकार के हिमायती बनोगे तो तुम्हें ठीक कर देगें। डीएम को भेजे पत्र में श्री अग्रवाल ने कहा कि उनका कार्यालय देवकाली रोड पर प्रतिष्ठित चिकित्सक डा केएस मिश्रा के बगल मुख्य मार्ग पर है। आरोप है कि आसपास के कुछ लोग अनाधिकृत रुप से खम्भा गाड़कर ट्रांसफार्मर लगवा रहे हैं। जबकि यह मार्ग चौड़ीकरण के लिए प्रस्तावित है। इसके बाद भी ट्रांसफार्मर लगाने का काम किया जा रहा है जो भविष्य में किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। अधिवक्ता का कहना है कि इसका विरोध करने पर 20 नवम्बर को विपक्षियों ने अपशब्द कहते हुए जान - माल की धमकी दी। यहां तक कहा कि सरकार के ज्यादा हिमायती न बनों वर्ना ठीक कर देगें । 

अधिवक्ता ने मुख्य मार्ग से खम्बा हटवाए जाने के साथ ट्रांसफार्मर न लगाए जाने की मांग की है। धमकी देने वालों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए भी गोहार लगाई है। इस संबंध में चौक उप केंद्र के जेई नरेश जायसवाल का कहना है कि उसका स्टीमेट पहले से पास है, यदि चौड़ीकरण में आता है तो काम रूकवा दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि वे अभी तक मौके पर गए नहीं हैं, देखा नहीं है। ठेकेदार से पूछा जायेगा। हालांकि उन्होंने स्वीकारा कि इस संबंध में शिकायत मिली है।

संबंधित समाचार