रायबरेली पुलिस का खुलासा- नौकर ने रचा था रिटायर्ड महिलाकर्मी की हत्या का प्लान, जानें क्या थी वजह
अमृत विचार, रायबरेली। तीन दिन पहले शहर के इंदिरा नगर में हुई रिटायर्ड महिला कर्मचारी की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने मंगलवार को खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस हत्याकांड में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। जबकि तीसरा हत्यारा फरार है।बताया जाता है कि यह हत्या रुपयों की लालच में घर के नौकर द्वारा अपने दो साथियों की मदद से की गई है।
पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि घटना में शामिल दो लोगों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। ज्ञात हो 19 नवम्बर की शाम को इंदिरा नगर के एम - 87 आवास में रहने वाली सेवानिवृत्त आंगनबाड़ी कर्मचारी स्नेह कुमारी शुक्ला की गला रेत कर हत्या कर दी गई थी।
मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है पुलिस अधीक्षक ने बताया कि महिला नौकर संदीप कुमार निवासी बेला टेकई थाना भदोखर और अपने दो साथियों राम राजपाल निवासी कप्तान का पुरवा, थाना कोतवाली नगर तथा विकास कुमार निवासी कप्तान का पुरवा थाना कोतवाली नगर के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया है।
इस मामले में पुलिस ने बताया कि संदीप कुमार मृतका का पुराना नौकर है।घटना के दिन उसके दोनों साथी मृतका के यहां काम करने आए थे। उसके बाद संदीप ने दोनों को फोन करके बताया कि महिला काफी धनाढ्य है। यदि उसकी हत्या कर दी जाए तो उसके यहां काफी माल मिल सकता है। उसकी बात पर भरोसा करके दोनों लोग सीसीटीवी कैमरे से बचने के लिए छुपते छुपाते महिला के घर पहुंचे और महिला की गला रेत कर हत्या कर दी।
हालांकि तलाशी के दौरान उन्हें उसके घर से मात्र छह हजार ही मिले थे। घटना को चोरी का रूप देने के लिए हत्यारों ने सामान को बिखेर दिया था। पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए मंगलवार को रामराज और संदीप कुमार को जेल भेज दिया है। जबकि तीसरा हत्यारोपी विकास कुमार फरार है ।जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
