कानपुर में सामने आया अजब-गजब मामला, खजाने के लिए चोरों ने खोद डाली तीन मीटर सुरंग, जानें फिर क्या हुआ
कानपुर में चोरों ने खोद दी सुरंग।
कानपुर के घाटमपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित नगेलिनपुर गांव से एक अजब-गजब मामला सामने आया है। यहां चोरों ने प्राचीन शिव मंदिर के टीले को खोदकर उसमें तीन मीटर लंबी सुरंग बना दी है। ग्रामीणों में यह चर्चा का विषय बना हुआ है।
कानपुर, अमृत विचार। घाटमपुर कोतवाली क्षेत्र में एक अजब-गजब मामला सामने आया है। यहां खजाने के लालच में चोरों ने प्राचीन शिव मंदिर के टीले को खोदकर तीन मीटर लंबी सुरंग बना दी। सुरंग के अंदर एक और सुरंग बनी हुई है। सोमवार दोपहर को जब ग्रामीण नदी के किनारे पहुंचे तो सुरंग देखकर वह दंग रह गए। ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा होने पर ग्रामीण सुरंग के अदंर गए। ग्रामीणों का मानना है कि प्राचीन शिव मंदिर के नीचे टीले में खजाना गड़ा हुआ है।
घाटमपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित नगेलिनपुर गांव रिंद नदी से कुछ ही दूरी पर बसा है। नदी के मिट्टी के बड़े-बड़े टीले हैं। इसके साथ ही कई इलाकों में जंगल व खेत हैं। चरवाहे नदी के किनारे मवेशियों को लेकर आते हैं। नदी के किनारे एक प्राचीन शिव मंदिर है। यह शिव मंदिर मिट्टी के टीले के ऊपर बना हुआ है।
नगेलिनपुर गांव निवासी ग्रामीणों ने बताया कि मंदि में खजाना छिपा हुआ है। जिसकी चर्चा गांव में अक्सर होती रहती है। इसी लालच में किसी ने प्राचीन मंदिर के टीले की खोदाई की है। इसी तरह से कुछ वर्ष पहले हिरनी मोड़ के पास एक कुएं के टीले को खोदा गया था।
इसके साथ ही ग्रामीणों का यह भी मानना है कि प्राचीन समय में जब किसी मंदिर का निर्माण कराया जाता था, तो उसके आसपास खजाना छिपाया जाता था। इसी लालच में चोरों ने टीले में सुरंग और उसके अंदर एक और सुरंग बनाई गई है। हालांकि घाटमपुर एसडीएम अमित गुप्ता ने राजस्व अधिकारी और पुलिस को जांच के निर्देश दिए है।
