Kanpur: दिन में ग्राहक बनकर रेकी कर रात में दुकानों से करते थे चोरी, पुलिस ने पांच आरोपियों को किया गिरफ्तार
कानपुर में पुलिस ने पांच आरोपियों को किया गिरफ्तार।
कानपुर की नौबस्ता पुलिस ने दुकानों में चोरी करने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों ने दिन में रेकी कर रात के अंधेरे में चोरी करने की बात कबूली है। सभी आरोपित बहराइच जिले के रहने वाले है।
कानपुर, अमृत विचार। नौबस्ता थाने की पुलिस ने दुकानों से चोरी करने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद हुआ है। आरोपियों ने ग्राहक बनकर दिन में रेकी कर रात में वारदात करने की बात कबूली है। पुलिस ने कोर्ट में पेश कर सभी को जेल भेज दिया है।
एडीसीपी दक्षिण अंकिता शर्मा ने बताया कि साउथ क्षेत्र के कई दुकानों में चोरी की वारदात सामने आई थी। इस पर मुखबिर तंत्र को एक्टिव किया गया था। मुखबिर की सटीक सूचना में सोमवार रात यशोदा नगर बाईपास के नीचे टनल से पांच आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने दुकानों में चोरी की बात कबूल की है।
पूछताछ में अपने नाम बहराइच के ग्राम इमलिया निवासी परमवीर वर्मा, बहराइच के ग्राम हाजीपुर निवासी नारेन्द्र वर्मा, बहराइच के ग्राम मछियाही निवासी विशाल कुमार और सुनील कुमार, बहराइच के धर्मेंन्द्र कश्यप बताया है। आरोपियों ने बताया कि वह दिन में ग्राहक बनकर रेकी करते थे। इसके बाद रात के अंधेरे में ताले तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम देते थे।
आरोपियों के पास से 10 रुपये के 1415 सिक्के, पांच रुपये के 1163 सिक्के,18 मोबाइल,, पांच ब्लू टूथ, पांच डाटा केबिल आदि चोरी का सामान बरामद हुआ है। एडीसीपी दक्षिण ने बताया कि चोरों को पकड़ने वाली टीम को डीसीपी दक्षिण ने 10 हजार का नकद ईनाम घोषित किया है। आरोपियों पर शहर के अलावा भी कई जनपदों में मुकदमें दर्ज है।
इन दुकानों में घटना की बात कबूली
बर्रा बाईपास के किनारे एक परचून की दुकान में चोरी की वारदात कबूली है। वहीं, कानपुर देहात के रनियां में एक मोबाइल दुकान से कई मोबाइल के साथ व्लुटूथ पार किए थे। साथ ही नौबस्ता हाईवे के उस्मानपुर गांव में परचून दुकान में चोरी और बसंत विहार क्षेत्र में अंडे की दुकान का शटर तोड़कर चोरी करने की बात कबूली है।
