अयोध्या: यूपी बोर्ड की इण्टर की परीक्षा में छात्र से ज्यादा छात्राएं पंजीकृत
अमृत विचार, अयोध्या। जनपद की छात्राएं ‘पढ़ें बेटियां, बढ़ें बेटियां’ नारे को साकार कर रही हैं। इसकी नजीर यूपी बोर्ड से संचालित होने वाली हाईस्कूल व इण्टरमीडिएट परीक्षा बनने जा रही है। इस बार यूपी बोर्ड की इण्टरमीडिएट परीक्षा से पहले ही छात्राओं ने परीक्षार्थियों की संख्या में छात्रों को पछाड़ दिया है। यही नहीं हाईस्कूल की परीक्षार्थी संख्या में भी वे छात्रों को टक्कर देती नजर आ रही हैं।
अगले वर्ष फरवरी में प्रस्तावित यूपी बोर्ड की हाईस्कूल परीक्षा के लिए के लिए कुल 83 हजार 951 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। लेकिन इण्टरमीडिएट परीक्षा में छात्रों से अधिक छात्राएं पंजीकृत हुई हैं। इण्टरमीडिएट की परीक्षा के लिए कुल 39 हजार 138 छात्र-छात्राएं रेगुलर व प्राइवेट परीक्षार्थी के रूप में पंजीकृत हुए हैं। चौकाने वाली बात यह है कि इण्टरमीडिएट में जहां कुल 20 हजार 206 छात्र संस्थागत व व्यक्तिगत परीक्षार्थी के रूप में पंजीकृत हुए हैं।
वहीं बालकों को परीक्षा से पहले पंजीकृत संख्या में पीछे ढकेलते हुए 21 हजार 551 छात्राओं ने पंजीकरण कराया है। इतना ही नहीं, हाईस्कूल की परीक्षा के लिए भी पंजीकृत छात्राएं बहुत पीछे नहीं है। वर्ष 2023 की हाईस्कूल परीक्षा के लिए जहां कुल 44 हजार 813 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए हैं। वहीं 23 हजार 063 छात्रों के सापेक्ष 21 हजार 551 छात्राओं ने भी पंजीकरण कराया है। इस तरह हाईस्कूल की परीक्षा में भी छात्रों की संख्या से छात्राओं की संख्या 1512 ही कम है।
ऑनलाइन आवेदन में त्रृटियां, 28 तक हो सकेगा सुधार
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद से संचालित होने वाली हाईस्कूल व इण्टरमीडिएट परीक्षा 2023 के लिए छात्र-छात्राओं द्वारा ऑनलाइन किये गये आवेदन पत्रों में भारी त्रृटियां सामने आ रही हैं। जैसे परीक्षार्थी के सेक्स कोड, दिव्यांगता के कोड, उनके नाम, माता-पिता के नाम की स्पेलिंग में गल्तियां हैं।
डीआईओएस राजेन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि प्रधानाचार्यों द्वारा अपलोड कराये गये परीक्षार्थियों के कतिपय त्रृटिपूर्ण शैक्षिक विवरणों के कारण परीक्षा के सुचारू संचालन में कठिनाई उत्पन्न होगी। इसलिए समस्त प्रधानाचार्य पंजीकृत सभी परीक्षार्थियों के शैक्षिक विवरणों को विद्यालयी अभिलेखानुसार तत्काल गहन जांच कर 28 नवम्बर तक परिषद की वेबसाइड पर ऑनलाइन सुधार अवश्य कर लें। इसके बाद उन्हें आगे अन्य कोई अवसर नहीं दिया जायेगा।
