परीक्षा का बहिष्कार करने वाले मेधावियों को मंच से नहीं मिलेगा पदक, 24 नवंबर को होगा HBTU का दीक्षांत समारोह

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में हरकोर्ट बटलर टेक्निकल यूनिवर्सिटी का दीक्षांत समारोह गुरुवार को होगा।

कानपुर में हरकोर्ट बटलर टेक्निकल यूनिवर्सिटी का दीक्षांत समारोह 24 नवंबर को होगा। इसमें परीक्षा का बहिष्कार करने वाले मेधावियों को मंच से पदक नहीं मिलेगा। साथ ही विश्वविद्यालय के कुल 652 छात्रों को डिग्रियां दी जाएंगी।

कानपुर, अमृत विचार। हरकोर्ट बटलर टेक्निकल यूनविर्सिटी (HBTU) का दीक्षांत समारोह गुरुवार को हो रहा है, जिसमें 652 छात्र-छात्राओं को डिग्रियां दी जाएंगी। समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी। मुख्य अतिथि के रूप में संस्थान के पूर्व छात्र और बैंक ऑफ बड़ौदा के एमडी और एक्स-चेयरमैन डॉ. अनिल कुमार खंडेलवाल रहेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल व प्रमुख सचिव प्राविधिक शिक्षा सुभाष चंद्र शर्मा शामिल होंगे।

समारोह में अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा का बहिष्कार करने वाले छात्रों को मंच से पदक नहीं दिया जाएगा। पदक सूची में उन्हीं छात्रों के नाम शामिल हैं जिन्होंने विश्वविद्यालय के शेड्यूल पर परीक्षा दी। ऐसे में केवल पेंट और एमसीए के छात्रों को ही मंच से पदक दिए जाएंगे। इस बार बीटेक के किसी भी छात्र को मंच से कुलाधिपति और कुलपति कांस्य पदक नहीं दिया जाएगा।

कुलपति प्रो. समशेर ने प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि पेंट टेक्नोलॉजी के छात्र देव तिवारी को कुलाधिपति स्वर्ण पदक और कुलपति स्वर्ण पदक मिलेगा, जबकि उत्कर्ष त्रिपाठी को कुलाधिपति रजत पदक व कुलपति रजत पदक से नवाजा जाएगा। बीटेक व एमसीए के छात्र वर्तिका जायसवाल व नंदिता सक्सेना को कुलपति स्वर्ण पदक, नवजोत कुमार व काजुल शर्मा को कुलपति रजत पदक और आयुषी वर्मा व गीतांजलि सैनी को कुलपति कांस्य पदक मिलेगा।

इस बार पदक की सूची तैयार की गई उसमें शामिल जिन छात्रों ने तय शेड्यूल पर परीक्षा दी उन्हीं को मंच से राज्यपाल के द्वारा सम्मानित किया जाएगा। बाकी जिन छात्रों का पदक सूची में नाम तो है, लेकिन उन्होंने परीक्षा का बहिष्कार किया था, उनको मंच पर नहीं बुलाया जाएगा। उनको अलग से सर्टि‌फिकेट दिया जाएगा। 30 छात्रों को मिलेगी पुस्तकें, फल समारोह में राज्यपाल प्राथमिक विद्यालय, आजाद नगर के 30 छात्रों को प्रेरणादायी पुस्तकें व फल वितरित किए जाएंगे।

दीक्षांत में खेल प्रतियोगिता, काव्य लेखन, निबंध लेखन, चित्रकला, देशभक्ति गीत, लोकनृत्य जैसी प्रतियोगिताओं के विजेताओं व उत्कृष्ट कार्य के लिए शिक्षकों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा तीन शिक्षकों सीएस के प्रो. नरेंद्र कोहली, सिविल इंजीनियरिंग के प्रो. सुनील कुमार और ‌फिजिक्स केप्रो. आरके शुक्ला को सम्मानित किया जाएगा। दीक्षांत समारोह में बीटेक 470, एमसीए (दो वर्ष) के 76, एमसीए (तीन वर्ष) के 71, एमटेक (फुल टाइम व पार्ट टाइम) के 30 और पीएचडी के छह छात्रों को उपाधियां दी जाएंगी।

 

संबंधित समाचार