FIFA World Cup 2022 : अमेरिका के खिलाफ उलटफेर से बचना चाहेगा इंग्लैंड, जानिए कोच गैरेथ साउथगेट ने क्या कहा?
अमेरिकी टीम ग्रुप बी के शुक्रवार को होने वाले मैच में पूरी तरह से तैयार होगी और मैदान पर अपना सर्वस्व देने के लिए उतरेगी
टूर्नामेंट में पहले ही कई उलटफेर हो चुके हैं जिसमें सऊदी अरब की अर्जेंटीना पर और जापान की जर्मनी पर उलटफेर भरी जीत शामिल है
दोहा। इंग्लैंड ने फीफा विश्व कप में अपने शुरूआती मैच में ईरान के खिलाफ छह गोल दागे लेकिन दो गोल गंवाये भी जो कोच गैरेथ साउथगेट के लिए अमेरिका के खिलाफ होने वाले टीम के अगले मैच से पहले चिंता का विषय बना हुआ है। हालांकि इससे अमेरिका के लिए उम्मीद भी बनी है। सोमवार को ईरान पर 6-2 की जीत के बाद साउथगेट ने कहा, 'मैच के अंत में हम थोड़े लापरवाह दिखे।' पर कोच ने चेताया कि अमेरिकी टीम ग्रुप बी के शुक्रवार को होने वाले मैच में पूरी तरह से तैयार होगी और मैदान पर अपना सर्वस्व देने के लिए उतरेगी। टूर्नामेंट में पहले ही कई उलटफेर हो चुके हैं जिसमें सऊदी अरब की अर्जेंटीना पर और जापान की जर्मनी पर उलटफेर भरी जीत शामिल है।
हालांकि, अगर अमेरिकी टीम इंग्लैंड पर जीत दर्ज कर लेती है तो इसका दर्जा सऊदी अरब की जीत की तरह नहीं होगा लेकिन इसमें कोई शक नहीं कि ग्रेग बरहाल्टर की टीम टूर्नामेंट के प्रबल दावेदारों में शुमार इंग्लैंड के खिलाफ 'अंडरडॉग' की तरह होगी। ईरान के खिलाफ गंवाये गये दो गोल ने साउथगेट को चिंता में डाल दिया है। उनका खिलाड़ियों को संदेश बहुत ही स्पष्ट रहा है, उन्हें अमेरिकी टीम के खिलाफ बेहतर खेल दिखाना होगा जिसने अपने शुरूआती ग्रुप मैच में वेल्स से 1-1 से ड्रा खेला।
इंग्लैंड के गोलकीपर जोर्डन पिकफोर्ड ने कहा, उनकी टीम शीर्ष स्तरीय है जिसमें काफी शीर्ष खिलाड़ी हैं जो प्रीमियर लीग में खेल चुके हैं। उन्होंने कहा, लेकिन बतौर टीम हम शत प्रतिशत देंगे। हम ईरान के खिलाफ नतीजे के बाद अमेरिका के खिलाफ मैच में सकारात्मक होकर खेलेंगे। इंग्लैंड के डिफेंस के लिए चेल्सी का विंगर क्रिस्टियन पुलिसिच परेशानी खड़ी कर सकता है जो प्रीमियर लीग में खेलता है। पिकफोर्ड ने कहा, वह बहुत शानदार खिलाड़ी है। हमें उससे सतर्क रहना होगा। इंग्लैंड एक जीत से राउंड 16 के लिये क्वालीफाई कर लेगा जबकि उसका एक मैच और बचा होगा। लेकिन लियोनल मेस्सी और अर्जेंटीना का हाल यह दर्शाता है कि कुछ भी हल्के में नहीं लिया जा सकता।
पिकफोर्ड ने कहा, 'विश्व कप फुटबॉल में कुछ भी हो सकता है। इसमें उलटफेर होंगे ही। अमेरिका के गोलकीपर मैट टर्नर का कहना है कि विश्व कप में इस तरह के और उलटफेर देखने को मिल सकते हैं। अगर अमेरिका को टूर्नामेंट में एक और उलटफेर करना है तो उसे इंग्लैंड के आक्रमण को रोकना होगा जो ईरान के खिलाफ मैच में अति आक्रामक रहा था जिसमें दो गोल बुकायो साका ने दागे थे।
वेल्स के खिलाफ वैकल्पिक गोलकीपर के साथ उतर सकता है ईरान
ईरान के गोलकीपर अली बेरानवंद विश्व कप के पहले मुकाबले में चोटिल हो गए थे और उनका वेल्स के खिलाफ शुक्रवार को यहां होने वाले ग्रुप बी के मैच में उतरने की कम संभावना है। बेरानवंद की अनुपस्थिति में हुसैन हुसैनी को गोलकीपिंग की जिम्मेदारी निभानी पड़ सकती है। उनके लिए यह बड़ी चुनौती होगी क्योंकि उनका सामना गैरेथ बेल जैसे खिलाड़ी से होगा। ईरान अपने पहले मैच में इंग्लैंड से 6-2 से हार गया था और वह ग्रुप में में सबसे निचले पायदान पर है। हुसैनी पहले ही एक दमदार प्रतिद्वंदी का सामना कर चुके हैं। बेरानवंद के चोटिल होने के बाद इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने ही गोलकीपर की जिम्मेदारी संभाली थी लेकिन वह पूरी तरह से नाकाम रहे थे। ईरान ने बेरानवंद की स्थिति के बारे में नहीं बताया है। बस उसने इतनी जानकारी दी है कि उनकी नाक पर चोट लगी है। वेल्स के खिलाफ ईरान पिछले मैच जैसी गलतियों से बचना चाहेगा जब इंग्लैंड के सामने उसकी एक नहीं चल पाई थी।
ईरान के कोच कार्लोस क्विरोज ने कहा, ‘‘ इंग्लैंड के खिलाफ मिली हार से हमने काफी कुछ सीखा है और वेल्स के खिलाफ हम बेहतर तरह से तैयार होकर उतरेंगे।’’ वेल्स ने अपना पहला मैच अमेरिका के साथ 1-1 से ड्रॉ खेला था। बेल ने तब 82वें मिनट में पेनल्टी को गोल में बदला था। यह वेल्स का 1958 के बाद विश्व कप मैच में पहला अंक था। ईरान को बेल से सतर्क रहना होगा जिन्होंने 109 अंतरराष्ट्रीय मैचों में अब तक 41 गोल किए हैं। वेल्स इस मैच में कीफर मूर को भी मौका दे सकता है जिनका यह विश्व कप में पहला मैच होगा। ईरान ने पिछले दो विश्वकप में भी जगह बनाई थी लेकिन वह नॉकआउट चरण में नहीं पहुंच पाया था और इस बार भी ऐसी कोई संभावना नजर नहीं आ रही है। वेल्स उसके खिलाफ जीत दर्ज करके नॉकआउट चरण में पहुंचने की अपनी संभावनाएं मजबूत करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगा।
