बहराइच: डीएपी की कमी पर भड़के कांग्रेसी, सौंपा ज्ञापन
पदाधिकारी बोले किसान परेशान, सिर्फ कागजों पर उपलब्ध है खाद
अमृत विचार, बहराइच। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला व शहर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वाधान में डीएपी खाद की कमी को लेकर गुरुवार को कांग्रेस पार्टी ने प्रदर्शन किया। इसके बाद सभी ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष आदर्श अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस की तरफ से मुख्यमंत्री को राज्य में रबी की फसल की बुआई के लिए उर्वरक की भारी कमी की समस्या से पहले ही अवगत किया जा चुका है। लेकिन प्रदेश सरकार और प्रशासन अपने दायित्वों को पूरा करने में बिल्कुल असफल सिद्ध हुआ है। सहकारी समितियों के गोदामों पर मात्र एक बोरी खाद पाने के लिए भी किसानों की लम्बी कतार लग रही हैं और स्थानीय स्तर पर सरकारी अधिकारीगण समस्या के शीघ्र समाधान का कोरा आश्वासन ही दे रहे हैं।
उधर केन्द्रीय उर्वरक मंत्रालय ने दावा किया है कि देश-प्रदेश में चालू रबी की फसल के लिए उर्वरक और डीएपी का बहुतायत स्टॉक है। स्पष्ट है कि किसानों के लिए उर्वरक डीएपी की कमी की स्थिति जानबूझ कर पैदा की गई है, जिससे बिचौलियों को लाभ पहुंचे। इसके अलावा घण्टाघर से बशीरगंज होते हुए राम लीला मैदान तक रोड जर्जर और बड़े-बड़े गढडे हो गये है। जिसके निर्माण की सभी ने मांग की। प्रदर्शन के बाद सभी ने ज्ञापन सौंपा। मौके पर जिलाध्यक्ष जय प्रकाश मिश्र, शेख जकरिया शेखू, अनिल सिंह, फजल खान, अमर नाथ शुक्ल, मुस्तकीम सलमानी, पुल्लू द्विवेदी, मुनऊ, देवेंद्र श्रीवास्तव, तारिक बेग, कुंवर श्रीवास्तव, खालिद हिशामी, सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
