चित्रकूट: पीसीएफ केंद्रों पर खरीद न शुरू होने पर जिलाधिकारी नाराज
चित्रकूट, अमृत विचार। जिलाधिकारी अभिषेक आनंद ने जिले में एक और धान क्रय केंद्र खोलने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस खरीद केंद्र को उस स्थान पर खोला जाए, जहां किसानों की मांग हो। पीसीएफ के क्रय केंद्रों पर अब तक खरीद शुरू न होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। जिला प्रबंधक पीसीएफ एवं एआर कोआपरेटिव को आगाह किया कि इसे शुरू कराएं ।
जिले में संचालित धान क्रय केंद्रों पर खरीद की स्थिति के संबंध में डीएम ने संबंधित अधिकारियों एवम् मिल मालिकों के साथ बैठक की। जिला खाद्य विपणन अधिकारी अविनाश कुमार झा ने बताया कि जिले में कुल 14 धान क्रय केंद्र हैं। अब तक इनमें 28 किसानों से अब तक 1237 कुंतल धान की खरीद की जा चुकी है। अब तक 2039 किसानों ने पंजीकरण कराया है, 1731 का सत्यापन पूरा हो चुका है। इस पर डीएम ने कहा कि लेखपालों के माध्यम से पंजीकरण पढ़ाएं। डीएम ने तहसीलों में संचालित धान क्रय केंद्रों की समीक्षा की।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के अंदर क्रय केंद्रों की कमियां दूर करने के निर्देश दिए। मंडी समिति क्रय केंद्र को भी तत्काल संचालित कराने के लिए सचिव को निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि खरीद वास्तविक किसानों से हो और किसानों से अवैध कटौती की शिकायत मिलने पर संबंधित केंद्र प्रभारी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। उन्होंने कहा कि रबी गोष्ठी में किसान की शिकायत नहीं आनी चाहिए। बैठक के दौरान अधिकारी तथा केंद्र प्रभारी मौजूद रहे।
