बांदा: सिमौनी धाम में बनेगी बीएसएल-4 लैब, केंद्रीय टीम ने लिया जमीन का जायजा
अमृत विचार, बांदा। मरीजों की बेहतर जांच के लिए बीएसएल-4 लैब सिमौनीधाम में बननी है, जिसके लिए जमीन का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया था। सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए गुरुवार को अपनी तीन सदस्यीय टीम भेजी। टीम के सदस्य सुबह संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से बांदा आये और अपर मुख्य चिकिसाधिकारी से मिलने के बाद मेडिकल कालेज के लैब टेक्नीशियनों संग सिमौनीधाम पहुंचे। यहां टीम ने प्रस्तावित 100 बीघा जमीन का जायजा लिया।
गंभीर मरीजों को जांच के लिए महानगरों का चक्कर लगाना पड़ता है। बबेरू कोतवाली क्षेत्र के सिमौनीधाम में स्वामी अवधूत महाराज का हर वर्ष तीन दिवसीय विशाल मेला और भंडारे का आयोजन होता है। वहां पर केन्द्रीय मंत्रियों से लगाकर राज्य सरकार के मंत्री तक अवधूत नगरी में मत्था टेकने पहुंचते हैं। वहां पर बीएसएल-4 लैब बनवाए जाने के लिए स्वामी अवधूत महाराज ने प्रस्ताव रखा था। ताकि मरीजों को बेहतर इलाज और बेहतर जांच हो सके।
यह भी पढ़ें:-मुरादाबाद : पुलिस अकादमी परिसर में घुसा चोर, ट्रेनर की सतकर्ता से गिरफ्तार
यह प्रस्ताव काफी दिनों से पड़ा हुआ था। केंद्र सरकार ने प्रस्ताव पर गौर किया और तीन सदस्यीय टीम महानिदेशक स्वास्थ्य भारत सरकार डॉ.अतुल गोयल, निदेशक एमसीजीसी डॉ.मीरा धुरिया, डॉ.अरविंद राय गुरुवार की सुबह संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से बांदा आए। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.अजय कुमार से मिलने के बाद मेडिकल कालेज के लैब टेक्नीशियनों के साथ सिमौनीधाम पहुंचे। वहां स्वामी अवधूत महाराज के साथ लैब बनाने के लिए प्रस्तावित 100 बीघा जमीन का निरीक्षण किया। टीम जमीन देखने के बाद वापस चली गई।
यह भी पढ़ें:-बहराइच: बाइक सवार की चाइनीज मांझे से कटी गर्दन, अस्पताल में भर्ती
अपर सीएमओ डा. अजय कुमार ने बताया कि टीम ने प्रस्तावित जमीन का निरीक्षण किया है। इसके अलावा बिजली, पानी, सड़क आदि व्यवस्था का जायजा लिया। यह रिपोर्ट भारत सरकार को सौंपी जाएगी। एसीएमओ ने यह भी बताया कि सभी बीमारियों की जांच इस लैब से होगी और यह देश की दूसरी लैब होगी। इस दौरान पूर्व मंत्री शिवशंकर सिंह पटेल, पूर्व विधायक चन्द्रपाल कुशवाहा, लाखन सिंह, राजेश द्विवेदी, आनन्द स्वरूप द्विवेदी, कल्लू सिंह प्रधान, बच्चा सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
