देश में कोरोना मामले 13.83 लाख के पार, रिकवरी दर 64 फीसदी के करीब
नई दिल्ली। महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) का महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल में प्रकोप तेजी से बढ़ने से शनिवार की रात संक्रमितों का आंकड़ा 13.83 लाख के पार पहुंच गया तथा मृतकों की संख्या 32,000 से अधिक हो गयी। इस दौरान राहत की बात यह रही कि मरीजों के …
नई दिल्ली। महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) का महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल में प्रकोप तेजी से बढ़ने से शनिवार की रात संक्रमितों का आंकड़ा 13.83 लाख के पार पहुंच गया तथा मृतकों की संख्या 32,000 से अधिक हो गयी। इस दौरान राहत की बात यह रही कि मरीजों के स्वस्थ होने की दर शुक्रवार के 63.45 फीसदी से मामूली बढ़कर आज 63.93 प्रतिशत पर पहुंच गयी। मृत्यु दर भी पहले के 2.38 फीसदी की तुलना में घटकर 2.31 प्रतिशत पर आ गयी।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से आज सुबह जारी आंकड़ों में कुल संक्रमितों की संख्या 13,36,861 हाे गयी तथा कुल मृतक संख्या 31,358 हो गयी थी। देर शाम विभिन्न राज्यों के आंकड़ों में महाराष्ट्र के अलावा आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल में रिकार्ड नये मामले आये। इन सात राज्यों में 37 हजार से अधिक नये मामले तथा 562 और लोगों की मौत हुई है।
महाराष्ट्र में 9251 नये संक्रमित मामले सामने आये और 257 की मौत हुई है। करीब 3.66 लाख से अधिक मामलों के साथ देश में महाराष्ट्र कोरोना से सबसे अधिक त्रस्त राज्य है। इस दौरान तमिलनाडु में 6988 नये मामले सामने आये और 89 मरीजों की मौत हुई है। कुल 2.06 लाख मामल़ों तथा 3,400 से अधिक मौतों के साथ राज्य पूरे देश में दूसरे नंबर पर है। कुल मामल़ों के लिहाज से दिल्ली करीब 1.30 लाख मामलों के साथ तीसरे स्थान पर है। यहां 1142 नये मामले आए जबकि 29 लोगों की और मौत से मरने वालों की कुल संख्या 3,806 हो गई।
महाराष्ट्र के बाद आंध्र प्रदेश में सर्वाधिक 7,813 नये मामल़ों के आने से मरीजों की कुल संख्या 88 हजार के पार पहुंच गई। कर्नाटक में 5,072 नये मामलों से कुल संक्रमितों की संख्या 90 हजार के पार हो गई। उत्तर प्रदेश में 2,971 नये मामले आने से संक्रमितों की संख्या 63 हजार से अधिक हो गयी है जबकि बिहार में 2803 नये मामले आने से संक्रमितों की संख्या 36 हजार से अधिक हो गयी।इसी प्रकार पश्चिम बंगाल में 2,404 नये मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या 56 हजार के पार हो गयी है।
‘कोविड19इंडियाडॉटओआरजी’ के आंकड़ों के अनुसार देश में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल 12,83,735 मामलों की आज रात तक पुष्टि हो चुकी है। इस प्रकार सुबह से लेकर देर रात तक 46,714 नये मामले आ चुके हैं। अब तक कुल 8,84,626 मरीज स्वस्थ हुए हैं जबकि 32,087 लोगों की इस महामारी से मौत हो चुकी है। अन्य 4,66,602 सक्रिय मामलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है। इस प्रकार बीमार मरीजों की तुलना में ठीक हुए रोगमुक्त लोगों की संख्या में चार लाख से अधिक का इजाफा हुआ है। फिलहाल यह अंतर 4,18,024 है।
देशभर में पहली बार एक दिन में कोरोना वायरस कोविड-19 के रिकॉर्ड 4,20,898 नमूनों की जांच की गयी। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की ओर से आज जारी आंकड़ों के मुताबिक 24 जुलाई को देशभर में कोरोना वायरस के 4,20,898 नमूनों की जांच की गयी और इसके साथ ही अब तक जांच किये गये नमूनों की कुल संख्या 1,58,49,068 हो गयी है। देश में कोरोना परीक्षण लैब की संख्या भी बढ़कर 1,301 हो गयी है।
विभिन्न राज्यों की स्थिति पर नजर डालें तो सर्वाधिक प्रभावित महाराष्ट्र में अब संक्रमितों का आंकड़ा 3,66,368 और मृतकों की संख्या 13,389 है जबकि 2,07,194 लोग संक्रमण मुक्त भी हुए हैं। संक्रमण के मामले में दूसरे स्थान पर स्थित तमिलनाडु में इस दौरान संक्रमितों की संख्या 2,06,737 हो गयी और मृतकों का आंकड़ा 3,409 हो गया है। राज्य में 1,51,055 लोगों को अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोरोना महामारी की स्थिति अब कुछ नियंत्रण में है और यहां संक्रमण के मामलों में वृद्धि की रफ्तार थोड़ी कम हुई है। राजधानी में अब तक 1,29,531 लोग कोरोना की चपेट में आये हैं जबकि अब तक 1,13,068 मरीज रोगमुक्त हुए हैं।
दक्षिण भारतीय राज्य कर्नाटक संक्रमितों की संख्या के मामले में चौथे स्थान पर पहुंच गया है। राज्य में 90,942 लोग संक्रमित हुए हैं तथा 1798 लोगों की इससे मौत हुई है जबकि 33,750 लोग स्वस्थ भी हुए हैं। आंध्र प्रदेश में संक्रमितों की संख्या में तेजी से वृद्धि होने के कारण यह सर्वाधिक प्रभावित राज्यों की सूची में उत्तर प्रदेश और गुजरात से आगे निकल गया है। राज्य में 88,671 लोग संक्रमित हुए हैं तथा मरने वालों की संख्या 985 हो गयी है, जबकि 43,255 लोग स्वस्थ हो चुके हैं।
आबादी के हिसाब से देश का सबसे बड़ा राज्य उत्तर प्रदेश कोरोना संक्रमण के मामले में गुजरात को पीछे छोड़कर छठे स्थान पर आ गया है। राज्य में अब तक 63,742 मामले सामने आए हैं तथा इस महामारी से 1,387 लोगों की मौत हुई है जबकि 39,903 मरीज ठीक हुए हैं।
इस बीच पश्चिम बंगाल उलटफेर करते हुए गुजरात को पीछे छोड़ सातवें स्थान पर आ गया है। राज्य में 56,377 लोग कोरोना वायरस की चपेट में आए हैं तथा 1,332 लोगों की मौत हुई है, वहीं अब तक 35,654 लोग स्वस्थ हुए हैं। देश का पश्चिमी राज्य गुजरात संक्रमण के मामले में अब आठवें स्थान पर आ गया है, लेकिन मृतकों की संख्या के मामले में यह महाराष्ट्र, दिल्ली और तमिलनाडु के बाद चौथे स्थान पर है। गुजरात में 54,712 लोग वायरस से संक्रमित हुए हैं तथा 2,301 लोगों की मौत हुई है। राज्य में 39,714 लोग इस बीमारी से स्वस्थ भी हुए हैं।
एक और दक्षिण भारतीय राज्य तेलंगाना में भी कोरोना संक्रमण के मामले बहुत तेजी से बढ़ रहे हैं। तेलंगाना में कोरोना संक्रमितों की संख्या 52,466 हो गयी है और 455 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 40,334 लोग अब तक इस महामारी से ठीक हुए हैं। इस बीच नये मामलों के साथ बिहार संक्रमण के मामले में दसवें स्थान पर आ गया है। राज्य में अब तक 36,314 लोग संक्रमित हुए हैं तथा 232 लोगों की मौत हुई है जबकि 24,520 लोग स्वस्थ भी हुए हैं। राजस्थान में भी कोरोना संक्रमितों की संख्या 35,298 हो गयी है और अब तक 613 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 25,306 लोग पूरी तरह ठीक हुए हैं।
हरियाणा में 30,538 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं तथा 389 लोगों की मौत हुई है। कोरोना की महामारी से मध्य प्रदेश में 799, जम्मू-कश्मीर में 305, पंजाब में 291, ओडिशा में 163, असम में 77, झारखंड में 76, उत्तराखंड में 63, केरल में 60, छत्तीसगढ़ में 39, पुड्डुचेरी में 38, गोवा में 31, चंडीगढ़ में 13 , हिमाचल प्रदेश में 12, त्रिपुरा मे 11, मेघालय में पांच, अरुणाचल प्रदेश में तीन, लद्दाख और दादर-नागर हवेली एवं दमन-दीव में दो-दो तथा नागालैंड में एक व्यक्ति की मौत हुई है।
