शाहजहांपुर: आगजनी प्रकरण में सपा कार्यकर्ता को पकड़ने पर कोतवाली घेरी, जाम लगाया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कार्यकर्ता को छोड़ने और निर्दोषों पर कार्यवाई न करने के आश्वासन पर माने

शाहजहांपुर, अमृत विचार। शहर की बाबूजई स्थित धर्मस्थल में धार्मिक पुस्तक जलाने के बाद विरोधस्वरूप की गई आगजनी मामले में सपा कार्यकर्ता शादाब खान की गिरफ्तारी के विरोध में निवर्तमान जिलाध्यक्ष तनवीर खां ने समर्थकों संग कोतवाली घेर ली।

उन्होंने पुलिस पर निर्दोषों को परेशान करने व वसूली का आरोप लगाते हुए धरना शुरू कर दिया। इस दौरान समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की। तनवीर खां की कोतवाल बृजेश कुमार सिंह से नोकझोंक भी हुई। एक घंटे के हंगामे बाद निर्दोषों पर कार्यवाई न करने के आश्वासन और कार्यकर्ता को छोड़ने पर सपाई मान गए। तब धरना खत्म हुआ।

बता दें कि दो नवंबर की दोपहर करीब दो बजे कोतवाली चौक क्षेत्र में बेरी चौकी के पास स्थित एक धार्मिक स्थल में रखी धार्मिक पुस्तक को आग लगा दी गई थी। इससे गुस्साए कुछ अराजकतत्वों ने धार्मिक स्थल के बाहर दो होर्डिंगों में आग लगा दी थी। धार्मिक पुस्तक जलाने वाला मोहल्ला बाढ़ूजई निवासी ताज मोहम्मद निकला था।

वहीं आगजनी मामले में पुलिस ने 17 लोगों को नामजद करते हुए 300 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। मामले में शुक्रवार को सपा कार्यकर्ता शादाब खान को चौक कोतवाली पुलिस पकड़ लाई। यह जानकारी दोपहर बाद जैसे ही सपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष तनवीर खां को हुई, वे समर्थकों के साथ कोतवाली चौक पहुंच गए और धरना शुरू कर दिया।

पूरे प्रकरण की जानकारी देते हुए सपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष तनवीर खां ने आरोप लगाया कि पुलिस आगजनी मामले में निर्दोषों को गिरफ्तार कर जेल भेजने का काम कर रही है, जिसे समाजवादी पार्टी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगी। कहा कि जो दोषी हैं, उनके खिलाफ कार्यवाही की जाए और निर्दोषों को परेशान न किया जाए। इस दौरान उनकी कोतवाल से नोकझोंक भी हुई।

इस दौरान मौके पर पहुंचे सीओ सिटी अखंड प्रताप सिंह ने निर्दोषों पर कार्यवाई न करने का आश्वासन दिया। साथ ही एसपी से भी वार्ता कराई। साथ ही पकड़े गए सपा कार्यकर्ता शादाब खान को भी छोड़ दिया। तब वे मान गए और धरना समाप्ति की घोषणा की। साथ ही निवर्तमान जिलाध्यक्ष ने कहा कि अगर बेगुनाहों को जेल भेजा जाएगा तो समाजवादी पार्टी सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी।

धरना प्रदर्शन में ये रहे शामिल
विजय सिंह, अतिउल्लाह सिद्दीकी, गुलजार उर्फ मुन्ना मेंबर, मो. अहमद गुड्डू वारसी, जगबीर उर्फ लाला, आयुष यादव, नमन गुप्ता, पूर्व मेंबर अजीम अंसारी, असलम परवेज मेंबर, अंकित सक्सेना, अजी मंसूरी, तालिब खान, मोहम्मद फैसल, खान, इस्तेखार, शैलेंद्र कुमार, शाहनवाज आदि।

संबंधित समाचार