Kanpur: हर्ष फायरिंग में जिम संचालक की मौत, सात बार मिस्टर कानपुर रह चुके थे सादिक, पुलिस ने भाजपा नेता को किया गिरफ्तार
Kanpur Crime कानपुर में हर्ष फायरिंग में जिम संचालक मौत से परिजनों में मचा कोहराम।
Kanpur Crime कानपुर के रेलबाजार थाना क्षेत्र के टाटमिल के पास स्थित गेस्ट हाउस में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग में मौत हो गई। मृतक सादिक सात बार मिस्टर कानपुर रह चुके थे। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है।
कानपुर, अमृत विचार। Kanpur Crime रेलबाजार थाना क्षेत्र के टाटमिल के पास स्थित गेस्ट हाउस में विवाह समारोह में हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगने से जिम संचालक की मौत हो गई। डीजे पर डांस के दौरान हर्ष फायरिंग हो रही थी। इस दौरान एक गोली सीधे जिम संचालक के सिर में जा लगी। आनन फानन में उन्हें हैलट अस्पताल ले जाया गया जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक सादिक सात बार मिस्टर कानपुर रह चुके थे। पुलिस ने भाजपा नेता को मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
कैंट थाना क्षेत्र स्थित मीरपुर छावनी निवासी 35 वर्षीय मोहम्मद सादिक जिम के संचालक थे। शादी समारोह में बाउंसर के तौर पर भी काम करते थे। उनके छोटे भाई साजिद के मुताबिक शुक्रवार को सूतरखाना निवासी भाजपा नेता रामजी गुप्ता के छोटे भाई रजत की का वैवाहिक समारोह टाटमिल स्थित रॉयल गार्डन में आयोजित किया गया था।
उसमें मोहम्मद सादिक बाउंसर के तौर पर काम कर रहे थे। डीजे पर लोग डांस कर रहे थे। तभी किसी ने हर्ष फायरिंग की और एक गोली सादिक के सिर में लगने से वह गिर गए। आनन-फानन में हैलट अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया है।
एजेंसी के जरिए वह शादी समारोह में गए थे। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है। थाना प्रभारी रेलबाजार प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को 12:30 बजे घटना की सूचना दी गई। उन्होंने कहा हैलट में परिजनों से पूछताछ कर तहरीर ली जाएगी।
एडीसीपी पूर्वी मनीष सोनकर का कहना है कि भाजपा नेता आरोपित रामजी गुप्ता को मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।
